अधिवक्ता राहुल पांडेय के परिवार को आर्थिक मदद:बार एसोसिएशन अध्यक्ष राकेश पांडेय ने हर संभव सहयोग का भरोसा दिया

अधिवक्ता राहुल पांडेय के परिवार को आर्थिक मदद:बार एसोसिएशन अध्यक्ष राकेश पांडेय ने हर संभव सहयोग का भरोसा दिया

इलाहाबाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के पूर्व उपाध्यक्ष और पूर्व संयुक्त सचिव अधिवक्ता राहुल पांडेय के निधन के बाद उनके परिवार की जिम्मेदारी को लेकर अधिवक्ताओं में चिंता है। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश पांडेय ने कहा है कि दिवंगत अधिवक्ता के परिवार की आर्थिक मदद के लिए बार की नई कार्यकारिणी सक्षम है और बार की ओर से जितना संभव होगा, उतना सहयोग करने का प्रयास किया जाएगा। राकेश पांडेय ने राहुल पांडेय के निधन पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि राहुल बार के सक्रिय सदस्यों में शामिल थे। वह अधिवक्ताओं के मुद्दों को लेकर सक्रिय रहते थे और जरूरत पड़ने पर साथी अधिवक्ताओं को नेतृत्व भी देते थे। उन्होंने कहा कि राहुल से उनके पुराने और करीबी संबंध रहे हैं। जब वह पहली बार बार एसोसिएशन के अध्यक्ष बने थे, उस समय राहुल पांडेय उनके प्रेस सचिव थे।
उन्होंने बताया कि बार एसोसिएशन और मीडिया कर्मियों के बीच बेहतर समन्वय बनाने में भी राहुल पांडेय की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वह बार की गतिविधियों और अधिवक्ताओं से जुड़े मुद्दों को मीडिया तक पहुंचाने में सक्रिय रहते थे। राकेश पांडेय ने कहा कि राहुल पांडेय की गृहस्थी अभी शुरुआती दौर में थी। उनके परिवार में 12 साल का बेटा यश और सात साल की बेटी साक्षी है। इसके अलावा घर में राहुल के 90 वर्षीय वृद्ध माता-पिता भी हैं। ऐसे में उनके अचानक निधन से परिवार के सामने आर्थिक और भावनात्मक संकट खड़ा हो गया है। बार अध्यक्ष ने कहा कि राहुल पांडेय के परिवार को इस मुश्किल समय में अकेला नहीं छोड़ा जाना चाहिए। बार एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी परिवार की जरूरतों को देखते हुए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि आर्थिक सहयोग के साथ परिवार के साथ खड़े रहना भी बार की जिम्मेदारी है। राहुल पांडेय के अचानक निधन से इलाहाबाद हाईकोर्ट के अधिवक्ताओं में शोक है। साथी अधिवक्ता उनके परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए इस कठिन समय में हरसंभव सहयोग की बात कह रहे हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *