नगर निगम में मेयर की कुर्सी के लिए अब मुकाबले की तस्वीर साफ हो गई है। कांग्रेस ने वार्ड 57 की पार्षद किरण गढ़वाल और भाजपा ने वार्ड 3 की पार्षद अनामिका शर्मा को अपना प्रत्याशी बनाया है। दोनों ने बुधवार को नामांकन दाखिल कर दिया। आज नामांकन वापस लेने का आखिरी दिन है और 21 सितंबर को पार्षद मतदान कर मेयर चुनेंगे। इसी दिन परिणाम भी घोषित होगा। मेयर चुनाव में सबसे अहम ‘41’ का गणित है। निगम के 80 वार्डों में कांग्रेस के 37, भाजपा के 32 और निर्दलीय 11 पार्षद हैं। बहुमत के लिए 41 वोट चाहिए। यानी कांग्रेस बहुमत से 4 और भाजपा 9 वोट दूर है। ऐसे में 11 निर्दलीय पार्षद दोनों खेमों के लिए महत्वपूर्ण हो गए हैं। सुबह रश्मि का नाम चला, दोपहर में किरण पर कांग्रेस की मुहर कांग्रेस में बुधवार सुबह तक मेयर पद के लिए रश्मि शर्मा के नाम की चर्चा थी, लेकिन दोपहर में वार्ड 57 से निर्वाचित पार्षद किरण गढ़वाल के नाम पर सहमति बनी। इसके बाद कांग्रेस पार्षदों और नेताओं की मौजूदगी में किरण ने नामांकन दाखिल किया। कांग्रेस खेमे में इसके साथ ही पार्षदों को एकजुट रखने की कवायद भी तेज हो गई। भाजपा ने अनामिका पर लगाया दांव भाजपा ने वार्ड 3 से निर्वाचित अनामिका शर्मा को प्रत्याशी बनाया। बुधवार सुबह उन्हें जयपुर ले जाया गया, जहां प्रदेश स्तर पर नाम को लेकर अंतिम सहमति बनी। अजमेर लौटने के बाद अनामिका ने नामांकन दाखिल किया। भाजपा ने सामान्य वर्ग की महिला के लिए आरक्षित मेयर पद पर अनामिका को मैदान में उतारा है। बाड़ेबंदी से लेकर बेंगलुरु तक… पार्षदों को साधने में जुटे दोनों दल मेयर चुनाव से पहले दोनों पार्टियों की सबसे बड़ी चिंता अपने पार्षदों को एकजुट रखने की है। कांग्रेस के पार्षद बुधवार को जयपुर से सीधे बेंगलुरु रवाना किए गए। इससे पहले उन्हें जयपुर के रिसॉर्ट में रखा गया था। भाजपा के पार्षद भी जयपुर में बाड़ेबंदी में रहे। अब दोनों खेमों की नजर 21 सितंबर तक पार्षदों को अपने साथ बनाए रखने और निर्दलीयों के समर्थन के गणित पर है। यह खबर भी पढ़ें……. हिंगोरानी-रश्मि पर सहमति नहीं बनी,तो किरण का नाम तय हुआ:* कांग्रेस ने 37 पार्षदों से की रायशुमारी; भाजपा में प्रदेश नेतृत्व से आया अनामिका का नाम

