युजवेंद्र चहल की प्रीति जिंटा से ओपनिंग बैटिंग की डिमांड:पंजाब किंग्स की को-ऑनर बोलीं- IPL खत्म होने पर कर लेना

युजवेंद्र चहल की प्रीति जिंटा से ओपनिंग बैटिंग की डिमांड:पंजाब किंग्स की को-ऑनर बोलीं- IPL खत्म होने पर कर लेना

IPL 2026 में पंजाब किंग्स के शानदार प्रदर्शन के बीच, स्पिनर युजवेंद्र चहल ने टीम की को-ओनर प्रीति जिंटा से एक मैच में ओपनिंग करने की मांग की, जिसका प्रीति ने मजेदार जवाब दिया। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में पंजाब किंग्स का प्रदर्शन इस सीजन में शानदार रहा है। टीम ने अब तक 7 मैचों में 6 जीत दर्ज की है, जबकि एक मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया। टीम पॉइंट्स टेबल में टॉप पर है। हाल ही में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ टीम ने IPL इतिहास का सबसे बड़ा रन चेज भी पूरा किया। टीम के लगातार अच्छे प्रदर्शन के बाद, प्रीति ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर फैंस से बातचीत करने का फैसला किया। उन्होंने फैंस से सवाल पूछने को कहा, जिस पर चहल ने अपनी इच्छा जाहिर की। चहल ने लिखा, ‘मैम, एक मैच में बैटिंग ओपनिंग करने का मौका मिल जाए तो।’ इस पर प्रीति जिंटा ने जवाब दिया, ‘जरूर युजी। तुम्हारे लिए कुछ भी। IPL खत्म होने के बाद, तुम्हें जो भी मैच पसंद हो। मुझे यकीन है कि प्रभसिमरन सिंह और प्रियांश आर्या को इससे कोई आपत्ति नहीं होगी।’
प्रभसिमरन और प्रियांश शानदार फॉर्म में पंजाब की मौजूदा सलामी जोड़ी प्रभसिमरन सिंह और प्रियांश आर्या बेहतरीन फॉर्म में है। दोनों ने टीम को मजबूत शुरुआत दी। इस सीजन में इस जोड़ी ने 57.4 की औसत और 192.61 की स्ट्राइक रेट के साथ रन बनाए हैं। प्रियांश आर्या अब तक 254 रन बना चुके हैं, जबकि प्रभसिमरन सिंह ने 7 मैचों की 6 पारियों में 192.62 की स्ट्राइक रेट से 287 रन बनाए हैं। इसी वजह से टीम ने अब तक अपनी प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है। पंजाब किंग्स IPL इतिहास की पहली ऐसी टीम बन गई है, जिसने एक सीजन के शुरुआती 7 मैचों में अपनी प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *