किसान के घर में लाखों की चोरी:पीड़ित बोला- तमंचे के बल पर 40 तोला सोना, ढाई किलो चांदी और 3 लाख कैश ले गए

किसान के घर में लाखों की चोरी:पीड़ित बोला- तमंचे के बल पर 40 तोला सोना, ढाई किलो चांदी और 3 लाख कैश ले गए

शाहजहांपुर में एक किसान के घर लाखों रुपये की लूट का मामला सामने आया है। पीड़ित किसान ने आरोप लगाया है कि बदमाश घर में घुसकर उनके बेटे को तमंचे के बल पर बंधक बनाकर 40 तोला सोना, ढाई किलो चांदी और तीन लाख रुपये नकद लूट ले गए। घटना की जानकारी मंगलवार सुबह पुलिस को दी गई, जिसके बाद जांच शुरू कर दी गई है। यह घटना थाना निगोही क्षेत्र के उनखुर्द गांव की है। गांव निवासी कलेक्टर सिंह अपनी दो पत्नियों, दो बेटों और बेटी के साथ रहते हैं। 27 अप्रैल को परिवार के साथ बदायूं में एक रिश्तेदार की शादी में गए थे। उनका एक बेटा घर पर ही रुका हुआ था। आरोप है कि रात में चार से पांच बदमाश घर में घुस आए। जब बेटे की आंख खुली तो उसका सामना बदमाशों से हो गया। उसके टोकने पर बदमाशों ने तुरंत बेटे के माथे पर तमंचा तान दिया और उसे बंधक बना लिया। इसके बाद उन्होंने घर की अलमारियों और अन्य सामान को खंगालना शुरू कर दिया। बेटी की शादी के लिए रखे गए थे पैसे किसान कलेक्टर सिंह के अनुसार, घर में उनकी दो पत्नियों, दो बहुओं और बेटी के जेवर रखे थे। इसमें लगभग 40 तोला सोना, ढाई किलो चांदी और करीब तीन लाख रुपये नकद शामिल थे। उन्होंने बताया कि यह नकदी हाल ही में सरसों बेचकर मिली थी और बेटी की शादी के लिए बचाई जा रही थी। उन्होंने कहा कि शादी अभी तय नही की गई लेकिन उसकी व्यवस्था कर रहे थे। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी घर की दीवार फांदकर फरार हो गए। बेटे ने तुरंत परिवार को घटना की जानकारी दी। मंगलवार सुबह कलेक्टर सिंह घर लौटे और पुलिस को सूचित किया। पीड़ित ने तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। सीओ सदर प्रयांक जैन ने बताया कि चोरी की घटना हुई है। मौके पर फॉरेंसिक टीम भेजी गई है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार,घटना के तुरंत बाद सुबह एक तहरीर दी गई थी। जिसमें चोरी का जिक्र था।हालांकि, बाद में दूसरी तहरीर देकर घटना को बड़ी लूट के रूप में दर्शाया गया है। पुलिस ने जल्द ही घटना का खुलासा करने का आश्वासन दिया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *