इंदौर में दो अलग-अलग हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। देवास नाका पर काम के दौरान युवक पर मलबा गिर गया, जबकि तेजाजी नगर में मिक्सर मशीन में फंसने से भट्टा संचालक की जान चली गई। इंदौर के देवास नाका क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें 25 वर्षीय युवक विशाल की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार विशाल, ग्राम नागदा का निवासी था और एक बिल्डिंग साइट पर काम कर रहा था। बताया गया कि वह सोलर पैनल नीचे उतारने के बाद सड़क पर खड़ा था, तभी बिल्डिंग की दूसरी मंजिल से किसी ने मलबा फेंक दिया। मलबे में सीमेंट के पत्थर और ईंटें शामिल थीं, जो सीधे उसके सिर पर गिरीं। गंभीर हालत में उसे एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां रविवार रात उसकी मौत हो गई। विशाल अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला था। उसके परिवार में पत्नी, एक साल की बेटी और मां हैं, जबकि उसका भाई मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है। पुलिस इस मामले में लापरवाही के एंगल से जांच कर रही है। मिक्सर मशीन में फंसकर मौत वहीं, तेजाजी नगर इलाके में ईंट भट्टे के संचालक समीर खान (56) की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, वह बायपास स्थित अपने भट्टे पर मिक्सर मशीन में सामग्री डाल रहे थे। इसी दौरान उन्होंने मशीन के अंदर देखने के लिए हाथ डाला, जिससे उनका हाथ और आधा शरीर मशीन में फंस गया। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। समीर अविवाहित थे और उनके परिवार में बहन व अन्य रिश्तेदार हैं। उनका एक भतीजा आयरलैंड में काम करता है, जिसके आने के बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा। दोनों घटनाओं के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।


