बलिया में सोमवार दोपहर करीब 3.15 बजे मौसम ने अचानक करवट ली। दिन भर उमस भरी गर्मी के बाद, अचानक धूल भरी तेज हवाएं चलने लगीं। कुछ ही देर में तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई, जिससे दिन में ही अंधेरा छा गया। तेज बारिश शुरू होते ही लोग इधर-उधर भागकर सुरक्षित स्थानों पर छिपते दिखे, जबकि कुछ लोग बारिश का आनंद लेते हुए भी नजर आए। काले बादलों के कारण छाए अंधेरे के चलते वाहन चालकों को अपनी गाड़ियों की हेडलाइट जलानी पड़ी। देखें, 4 तस्वीरें… इस बारिश से आम जनता को गर्मी से काफी राहत मिली। बारिश शुरू होने के साथ ही तापमान में करीब चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। दोपहर 3.30 बजे तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। बारिश के दौरान बलिया शहर में कई जगह पेड़ों की डालें टूटकर सड़कों पर गिर गईं। इसके अलावा, कई होर्डिंग और बैनर भी उखड़ गए। कुंवर सिंह चौराहा से टीडी कॉलेज चौराहा के बीच सड़क पर पेड़ों की टूटी डालें देखी गईं।


