मऊगंज जिले के नईगढ़ी थाना क्षेत्र के छत्रगढ़ कला गांव में गुरुवार सुबह एक सियार ने घर के बाहर बैठे युवक पर हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नईगढ़ी में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। जानकारी के अनुसार, छत्रगढ़ कला निवासी सुरेश साहू (32) पुत्र राम किशोर साहू गुरुवार सुबह अपने घर के सामने बैठे थे। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे एक सियार ने अचानक उन पर हमला कर दिया। युवक के चीखने-चिल्लाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिन्हें देखकर सियार जंगल की ओर भाग गया। परिजनों ने घायल सुरेश साहू को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नईगढ़ी पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के मुताबिक, युवक की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। पीड़ित परिवार और ग्रामीणों का आरोप है कि घटना की सूचना वन विभाग के अधिकारियों को दी गई थी, लेकिन कोई भी जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में बढ़ रही अवैध खदानें, क्रेशर मशीनों की हैवी ब्लास्टिंग और जंगलों की अंधाधुंध कटाई के कारण जंगली जानवर आबादी वाले क्षेत्रों की ओर आ रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि नईगढ़ी क्षेत्र में सियार के हमले की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले शिवराजपुर, शाहपुर, रामपुर, अकौरी और महेवा जैसे गांवों में भी सियार कई लोगों पर हमला कर चुके हैं। चार वर्ष पूर्व अकौरी गांव में सियार के हमले में घायल एक मासूम की उपचार के दौरान मौत भी हो चुकी है। इसके बावजूद वन विभाग और खनिज विभाग द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से क्षेत्र में अवैध खनन और जंगलों में हो रही हैवी ब्लास्टिंग पर तुरंत रोक लगाने तथा जंगली जानवरों से सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।


