छतरपुर जिले के प्रसिद्ध पर्यटक स्थल भीमकुंड में गुरुवार दोपहर गहरे पानी में डूबने से एक युवक की मौत हो गई। शव की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। घटना के हालात आत्महत्या की ओर इशारा कर रहे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना बाजना थाना क्षेत्र अंतर्गत भीमकुंड की है, जहां एक युवक भीमकुंड के गहरे पानी में डूब गया। आसपास मौजूद पर्यटकों और स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी। सूचना मिलते ही बाजना थाना प्रभारी अयोध्या प्रसाद यादव अपनी पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। वहीं छतरपुर से NDRF की टीम को भी बुलाया गया। टीम के आते ही NDRF और स्थानीय गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जाएगा 15 से 20 फीट गहराई में दिख रहा शव
बताया जा रहा है कि मृतक का शव भीमकुंड के अंदर लगभग 15 से 20 फीट की गहराई में दिखाई दे रहा है। गहराई और पानी का तेज बहाव होने के कारण शव को बाहर निकालने में परेशानी आ रही है। देर शाम तक पुलिस एवं बचाव दल द्वारा शव को बाहर निकालने की कार्रवाई जारी थी। स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक का बैग भीमकुंड के बाहर रखा हुआ मिला है। बैग के पास जूते भी उतारकर रखे हुए हैं। मृत व्यक्ति ने पैंट-शर्ट पहन रखी है। कपड़े बाहर रखकर कपड़ों सहित पानी में जाना आत्महत्या की ओर इशारा कर रहा है। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। फिलहाल मृतक युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के लोगों, होटल-ढाबों और थानों से संपर्क कर मृतक की पहचान के प्रयास कर रही है। शव के पहचान की कोशिश जा रही है। बाजना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पहले भी हो चुके हादसे
भीमकुंड में डूबने की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। भीमकुंड की गहराई का सही अंदाजा आज तक नहीं लग पाया है। प्रशासन द्वारा पर्यटकों को गहरे पानी में न जाने की चेतावनी के बोर्ड भी लगाए गए हैं, इसके बावजूद लोग जोखिम उठाते हैं। पुलिस थाना बाजना के टीआई अयोध्या प्रसाद यादव ने अपील की कि यदि किसी का परिजन लापता है तो बाजना थाना में संपर्क करें।


