लव मैरिज के बाद युवक के साथ मारपीट:युवती के परिजनों ने घर में घुसकर किया हमला, दोनों पक्षों की शिकायत पर केस दर्ज

लव मैरिज के बाद युवक के साथ मारपीट:युवती के परिजनों ने घर में घुसकर किया हमला, दोनों पक्षों की शिकायत पर केस दर्ज

छतरपुर में लव मैरिज के बाद युवती के परिजनों ने युवक को पीट दिया। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है जहां शनिवार शाम युवक के घर में घुसकर जमकर मारपीट की गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित युवक के अनुसार, उसने और युवती ने आपसी सहमति से विवाह किया है और दोनों एक ही समाज से संबंध रखते हैं। बावजूद इसके युवती के परिजन इस रिश्ते के खिलाफ थे। युवक का आरोप है कि शनिवार शाम करीब 4 बजे युवती के परिवार के लोग अचानक उसके घर पहुंचे और जबरन अंदर घुस गए। इसके बाद उन्होंने युवक समेत परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मारपीट शुरू कर दी। युवती के परिजन बोले- लड़की गहने लेकर गई
युवती के परिजनों का कहना है कि उनकी बेटी घर से गहने और नकदी लेकर चली गई थी। इसी बात से नाराज होकर वे युवक के घर पहुंचे थे। उनका आरोप है कि युवक ने उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाकर शादी कर ली। दोनों पक्षों की शिकायत पर केस दर्ज
घटना के बाद दोनों पक्षों में तनातनी की स्थिति बनी हुई है। पुलिस ने दोनों की शिकायतों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। एहतियात के तौर पर पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है, ताकि कोई अप्रिय घटना न हो। पुलिस का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *