वर्ल्ड अपडेट्स:अमेरिका 250वीं वर्षगांठ पर ट्रम्प की तस्वीर वाले पासपोर्ट जारी करेगा, इस गर्मियों से शुरुआत

वर्ल्ड अपडेट्स:अमेरिका 250वीं वर्षगांठ पर ट्रम्प की तस्वीर वाले पासपोर्ट जारी करेगा, इस गर्मियों से शुरुआत

अमेरिका अपनी स्वतंत्रता की 250वीं वर्षगांठ के अवसर पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की तस्वीर वाले विशेष पासपोर्ट जारी करेगा। अमेरिकी विदेश विभाग ने मंगलवार को बताया कि सीमित संख्या में नए डिजाइन वाले अमेरिकी पासपोर्ट इस गर्मियों से जारी किए जाएंगे। अधिकारी के मुताबिक, वॉशिंगटन पासपोर्ट एजेंसी से इन पासपोर्ट्स की शुरुआत होगी। वहां व्यक्तिगत रूप से पासपोर्ट रिन्यू कराने वालों को यही डिफॉल्ट पासपोर्ट मिलेगा। हालांकि, ऑनलाइन आवेदन करने वालों और अन्य केंद्रों पर मौजूदा डिजाइन जारी रहेगा। पासपोर्ट के मॉकअप के अनुसार, अंदरूनी कवर पर ट्रम्प की तस्वीर और गोल्ड रंग में उनके हस्ताक्षर होंगे। पीछे के कवर पर जॉन ट्रंबुल की प्रसिद्ध पेंटिंग ‘डिक्लरेशन ऑफ इंडिपेंडेंस’ का चित्र दिया जाएगा। विदेश विभाग के प्रवक्ता टॉमी पिगॉट ने कहा कि नए पासपोर्ट में विशेष आर्टवर्क और बेहतर इमेजरी होगी, लेकिन मौजूदा सुरक्षा फीचर बरकरार रहेंगे। इससे पहले अमेरिका की 250वीं वर्षगांठ के लिए ट्रम्प की तस्वीर वाले नेशनल पार्क पास और स्मारक सिक्के भी जारी किए जा चुके हैं। हालांकि, सरकार ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि ऐसे विशेष पासपोर्ट कितनी संख्या में जारी किए जाएंगे। अंतरराष्ट्रीय मामले से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… पिघलती डिजाइन वाली कार्टियर क्रैश वॉच बनी सेलिब्रिटीज की पसंद फ्रेंच लग्जरी ब्रांड कार्टियर की दुर्लभ क्रैश घड़ी ने नीलामी में नया रिकॉर्ड बनाया है। सॉथबेस की हांगकांग नीलामी में यह घड़ी करीब 20 लाख डॉलर में बिकी। इसे नीलामी में बिकने वाली अब तक की सबसे महंगी कार्टियर कलाई घड़ी बताया जा रहा है। कार्टियर क्रैश अपनी अनोखी डिजाइन के कारण दुनियाभर में मशहूर है। इसकी आकृति टेढ़ी-मेढ़ी और पिघलती हुई दिखाई देती है, जो स्पेनिश कलाकार सल्वाडोर डाली की प्रसिद्ध ‘मेल्टिंग क्लॉक’ शैली जैसी लगती है। इस मॉडल को पहली बार 1967 में लंदन में पेश किया गया था। शुरुआत में इसकी डिजाइन को काफी अलग माना गया और यह तुरंत लोकप्रिय नहीं हो सकी। हालांकि समय के साथ यह कलेक्टर्स के बीच बेहद खास बन गई। क्रैश घड़ी की कीमतों में पिछले कुछ वर्षों में जबरदस्त उछाल आया है। 2021 में इसका एक मॉडल 10.2 लाख डॉलर में बिका था, जबकि 1967 का मूल मॉडल 16.5 लाख डॉलर में नीलाम हुआ था। अब ताजा नीलामी में इसने करीब 20 लाख डॉलर का रिकॉर्ड बना दिया। विशेषज्ञों के मुताबिक, इसकी सीमित उपलब्धता और सेलिब्रिटी लोकप्रियता इसकी कीमत बढ़ने की बड़ी वजह है। लग्जरी वॉच बाजार में कार्टियर क्रैश अब सिर्फ घड़ी नहीं, बल्कि स्टेटस सिंबल और कलेक्टर आइटम बन चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *