लखनऊ में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में भाजपा लखनऊ महानगर की ओर से स्कूटी और बाइक रैली निकाली गई। रैली की शुरुआत 1090 चौराहे से हुई, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं और छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह रैली शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए विधानसभा तक पहुंची। नेताओं ने दिखाई मौजूदगी, महिलाओं ने जताया आभार रैली को भाजपा महानगर अध्यक्ष आनन्द द्विवेदी और प्रदेश महिला अध्यक्ष गीता शाक्य ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान प्रतिभागियों ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया। महिलाओं ने उम्मीद जताई कि यह अधिनियम महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। हस्ताक्षर अभियान के जरिए जताई प्रतिबद्धता कार्यक्रम के दौरान महिलाओं और युवाओं के लिए एक हस्ताक्षर दीवार भी बनाई गई, जहां लोगों ने हस्ताक्षर कर महिला सशक्तिकरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जाहिर की। यह पहल रैली का खास आकर्षण रही। महिला सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम: आनन्द द्विवेदी महानगर अध्यक्ष आनन्द द्विवेदी ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम मातृशक्ति और आने वाली पीढ़ियों के सशक्तिकरण का मजबूत आधार बनेगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं की बढ़ती भागीदारी समाज में जागरूकता और राजनीतिक सहभागिता का स्पष्ट संकेत है। साथ ही उन्होंने भाजपा सरकार द्वारा महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए किए जा रहे प्रयासों को भी रेखांकित किया। संसद में बढ़ेगी संवेदनशीलता: गीता शाक्य प्रदेश महिला अध्यक्ष गीता शाक्य ने कहा कि नारी शक्ति ने सदियों से घर और समाज को संवारने का काम किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि जब बड़ी संख्या में महिलाएं सदन में पहुंचेंगी, तो संसद और अधिक संवेदनशील और मानवीय दृष्टिकोण से परिपूर्ण बनेगी।


