महिला ने दबंगों पर छेड़खानी, पुलिसकर्मी पर मिलीभगत का आरोप:फिरोजाबाद में एसएसपी से न्याय की गुहार, जान का खतरा बताया

महिला ने दबंगों पर छेड़खानी, पुलिसकर्मी पर मिलीभगत का आरोप:फिरोजाबाद में एसएसपी से न्याय की गुहार, जान का खतरा बताया

फिरोजाबाद। खैरगढ़ थाना क्षेत्र की एक महिला ने अपने पड़ोसियों पर छेड़खानी और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। महिला ने एक पुलिसकर्मी पर भी आरोपियों से मिलीभगत का आरोप लगाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता निवासी पृथ्वीपुर ने एसएसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनके पति ट्रक चालक हैं और अक्सर घर से बाहर रहते हैं। इसी का फायदा उठाकर पड़ोस में रहने वाले कुछ युवक उन्हें अकेला पाकर लगातार परेशान करते हैं और अभद्र टिप्पणियां करते हैं। महिला का आरोप है कि 28 मार्च की रात जब वह घर पर अकेली थीं, तभी आरोपी जबरन उनके घर में घुस आए और छेड़खानी करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने उन्हें धमकी दी कि यदि उन्होंने शिकायत की तो उनका अपहरण कर हत्या कर दी जाएगी। पीड़िता ने 112 डायल पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि मौके पर पहुंचे कांस्टेबल अनुज कुमार आरोपियों से मिले हुए थे। आरोप है कि कांस्टेबल ने उल्टा महिला को ही धमकाया और उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया। महिला के अनुसार, वह पहले भी कई बार संबंधित थाने में शिकायत दे चुकी हैं, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई और उन्हें वहां से भगा दिया गया। अब उन्होंने एसएसपी से मामले में निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पीड़िता ने अपनी जान को खतरा बताते हुए सुरक्षा की भी मांग की है। उन्हें आशंका है कि आरोपी उन्हें झूठे मुकदमे में फंसा सकते हैं या किसी बड़ी घटना को अंजाम दे सकते हैं। इस संबंध में पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है। जांच के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *