इंदौर में अपराध नियंत्रण के लिए शनिवार-रविवार की दरमियानी रात पुलिस ने शहरभर में सघन चेकिंग अभियान चलाया। चारों जोन में पुलिस अधिकारियों और जवानों ने मैदान में उतरकर गुंडे-बदमाशों और असामाजिक तत्वों की निगरानी की। पुलिस ने सभी थाना क्षेत्रों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। गुंडे-बदमाशों और निगरानीशुदा अपराधियों की धरपकड़ के लिए रातभर पेट्रोलिंग की गई। 389 बदमाशों पर वैधानिक कार्रवाई अभियान के दौरान 389 बदमाशों की जांच की गई, जिन पर वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस ने कई संदिग्धों को चेक कर आगे अपराध न करने की चेतावनी दी। 140 से अधिक वारंट तामील पुलिस ने विभिन्न मामलों में 140 से अधिक वारंट तामील किए। इनमें 27 स्थायी, 40 गिरफ्तारी और 73 जमानती वारंट शामिल हैं। शहर में कई स्थानों पर बैरिकेडिंग कर वाहनों और चालकों की जांच की गई। संदिग्ध वाहनों को रोककर दस्तावेजों की जांच की गई। शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई चेकिंग के दौरान 176 लोगों को शराब पीकर वाहन चलाते पाया गया। इनके खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई। अभियान में एक आरोपी को अवैध हथियार के साथ पकड़ा गया। सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने वाले 3 लोगों और गांजा पीते एक व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया गया। ड्रोन से हॉटस्पॉट क्षेत्रों की निगरानी पुलिस ने ड्रोन कैमरों के माध्यम से हॉटस्पॉट और शैडो एरिया की निगरानी की। इस दौरान निगरानीशुदा बदमाशों के डोजियर भी भरवाए गए।


