अलवर जिले के रैणी थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह करीब 6 बजे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर बड़ा सड़क हादसा हो गया। एक्सप्रेस-वे के चैनल नंबर 139.600 पर एक वोल्वो स्लीपर बस अचानक अनियंत्रित होकर हाईवे से नीचे उतर गई और पलट गई। हादसे के समय बस में मध्यप्रदेश के श्योपुर निवासी अग्रवाल परिवार के करीब 40 से 50 महिला, पुरुष और बच्चे सवार थे, जो गोवर्धन में आयोजित भागवत कथा में शामिल होने जा रहे थे।हादसें का कारण ड्राइवर को नींद की झपकी मानी जा रही हैं। हादसा होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास से गुजर रहे वाहन चालकों ने तुरंत पुलिस और एनएचएआई को सूचना दी। सूचना मिलते ही रैणी थाना पुलिस, एनएचएआई की एम्बुलेंस और राहत टीम मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी बने सिंह मीणा ने खुद मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य संभाला। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। एक यात्री तो अंदर बुरी तरह फंस गया था जो बस पलटने के साथ एक लड़की के नीचे फंस गया था फिर मौके पर कटर मशीन बुलाकर लकड़ी को कटवाकर उसे बाहर निकाला। थानाधिकारी बने सिंह मीणा ने बताया कि हादसे में घायल हुए करीब 45 यात्रियों को प्राथमिक उपचार के लिए पिनान हॉस्पिटल भेजा गया, जहां डॉक्टरों द्वारा उनका इलाज जारी है। अधिकांश यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं, जबकि करीब 5 से 6 लोगों को गंभीर चोट लगने के कारण अलवर रेफर किया गया है। वहीं हादसे में घायल एक 14 वर्षीय बच्ची के पैर में फ्रैक्चर होने पर उसे गंभीर हालत में जयपुर रेफर किया गया है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए एक्सप्रेस-वे पर अफरा-तफरी मच गई थी, लेकिन पुलिस और एनएचएआई टीम ने तुरंत स्थिति को संभालते हुए यातायात को सुचारू करवा दिया। फिलहाल मौके पर स्थिति सामान्य बताई जा रही है और पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।


