देवप्रयाग के पास खाई में गिरी बुलेट:150 मीटर नीचे फंसे मध्य प्रदेश के दो युवक, SDRF ने रस्सियों के सहारे निकाला

देवप्रयाग के पास खाई में गिरी बुलेट:150 मीटर नीचे फंसे मध्य प्रदेश के दो युवक, SDRF ने रस्सियों के सहारे निकाला

देवप्रयाग के पास एक बुलेट बाइक अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में गिर गई। बाइक पर सवार दो युवक भी उसके साथ खाई में जा गिरे। हादसा देर रात टिहरी के देवप्रयाग-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस और उपनिरीक्षक ललित मोहन भट्ट के नेतृत्व में SDRF पोस्ट श्रीनगर की टीम रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। हादसा देवप्रयाग से करीब 5 किलोमीटर पहले श्रीनगर की ओर हुआ था। SDRF और देवप्रयाग पुलिस ने मिलकर सर्च और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। रात का अंधेरा और खाई का दुर्गम रास्ता बचाव कार्य में बड़ी चुनौती था। जवानों ने टॉर्च, रस्सियों और स्ट्रेचर की मदद से नीचे उतरकर तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद SDRF की टीम दोनों घायलों तक पहुंची और उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद दोनों को प्राथमिक उपचार दिया गया और 108 एंबुलेंस से इलाज के लिए बेस अस्पताल श्रीनगर भेजा गया। घायलों की पहचान पीयूष शर्मा (19) और हर्ष कुशवाहा (22) के रूप में हुई है। दोनों युवक मध्य प्रदेश के शिवपुरी के रहने वाले हैं। हादसे में उनके पैर और कमर में चोटें आई हैं। SDRF की त्वरित कार्रवाई और सफल रेस्क्यू के चलते दोनों युवकों की जान बच गई।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *