मिर्जापुर के सदर तहसील क्षेत्र के सिनहर कला गांव में रविवार को जमीन की पैमाइश के दौरान दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। यह घटना नायब तहसीलदार और राजस्व टीम की मौजूदगी में हुई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जानकारी के अनुसार, नायब तहसीलदार अर्दली और राजस्व कर्मी गांव में बंजर एवं चक की जमीन की पैमाइश के लिए मौके पर पहुंचे थे। इसी दौरान जमीन को लेकर पहले से चल रहे विवाद में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। कहासुनी जल्द ही मारपीट में बदल गई, और एक पक्ष के लोगों ने अधिकारियों के सामने ही दूसरे पक्ष के लोगों की पिटाई कर दी। घटना के दौरान मौके पर मौजूद राजस्व टीम और ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। वीडियो में लोगों के बीच धक्का-मुक्की और मारपीट साफ दिखाई दे रही है। बताया जा रहा है कि जमीन की पैमाइश को लेकर दोनों पक्षों में पहले से तनाव चल रहा था। इस मामले में राम ललित यादव और अखिलेश ने देहात कोतवाली में तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है।


