मुंडावर के पेहल पहाड़ पर लगी आग:तेज हवा और सुखी झाड़ियों के कारण फैली, ग्रामीण बुझाने में जुटे

मुंडावर के पेहल पहाड़ पर लगी आग:तेज हवा और सुखी झाड़ियों के कारण फैली, ग्रामीण बुझाने में जुटे

खैरथल-तिजारा जिले में मुंडावर उपखंड के पेहल गांव में सोमवार शाम पहाड़ पर भीषण आग लग गई। घड़ी के पास स्थित हनुमान मंदिर के आसपास पहाड़ी क्षेत्र में लगी इस आग ने तेज हवा के कारण कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे ग्रामीण चिंतित हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग तेजी से सूखी झाड़ियों और पेड़ों को अपनी चपेट में लेती चली गई। तेज हवा के कारण आग लगातार पहाड़ी के दूसरे हिस्सों की ओर बढ़ती रही, जिससे वन संपदा को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका बढ़ गई है। आग की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। कृष्ण कौशिक, नरेंद्र सिंह चौहान, अन्नू, आशा सहित दर्जनों युवाओं और महिलाओं ने बिना किसी संसाधन के टहनियों, मिट्टी और अन्य स्थानीय साधनों की मदद से आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए। ग्रामीणों ने बताया कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया गया तो यह आसपास के बड़े वन क्षेत्र तक फैल सकती है। घटना की सूचना तुरंत मुंडावर वन विभाग को दी गई, जिसके बाद ग्रामीण वनकर्मियों और राहत दल के मौके पर पहुंचने का इंतजार करते रहे। स्थानीय लोगों का कहना है कि पहाड़ी क्षेत्र में सूखी वनस्पति और तेज गर्मी के चलते आग तेजी से फैल रही है, जिससे स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द राहत एवं बचाव दल भेजने की मांग की है ताकि आग पर जल्द काबू पाया जा सके और वन क्षेत्र को बड़े नुकसान से बचाया जा सके। देर शाम तक ग्रामीण आग बुझाने के प्रयासों में जुटे रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *