केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री एवं लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान मात्र पांच मिनट के लिए फतेहाबाद में रुके। उनका काफिला जाट धर्मशाला के नजदीक स्थित निजी होटल के बाहर रुका। यहां प्रशासन की ओर से उनके डिनर की व्यवस्था की गई थी। मगर चिराग ने मोबाइल पर बात की। इसके बाद वह बिना डिनर किए ही वापस लौट गए। दरअसल, चिराग अपनी टीम के साथ पंजाब के बठिंडा से वापस दिल्ली जा रहे थे। इस दौरान प्रशासन के पास उनके और उनकी टीम के लिए डिनर की व्यवस्था करने के निर्देश आए थे। इसके बाद निजी होटल में पूरा प्रबंध किया गया। मगर चिराग मात्र पांच मिनट होटल के बाहर ही गाड़ी में रुके रहे। वह नीचे भी नहीं उतरे और काफिला मुड़कर दिल्ली की ओर निकल गया। एसडीएम और डीएफएससी पहुंचे स्वागत के लिए केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के स्वागत के लिए होटल के बाहर एसडीएम राजेश कुमार, डीएफएससी कुशल पाल बूरा बुके लेकर पहुंचे। पुलिस प्रशासन की ओर से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था भी की गई। जैसे ही चिराग पासवान की गाड़ी होटल के बाहर पहुंची तो वह मोबाइल पर ही बात कर रहे थे। इसके बाद उन्होंने अपनी टीम को यहां नहीं रुककर सीधे दिल्ली चलने के ही निर्देश दिए। ऐसे में एसडीएम राजेश कुमार व डीएफएससी कुशल पाल बूरा ने गाड़ी में बैठे चिराग को बुके भेंटकर उनका स्वागत किया। इसके बाद चिराग ने एसडीएम और डीएफएससी को यहां नहीं रुकने के लिए कहा। इसके बाद काफिला दिल्ली की ओर रवाना हो गया। जानिए… कौन है चिराग पासवान चिराग पासवान पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व.रामविलास पासवान के बेटे हैं। पिता के निधन के बाद वह लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने गए। वह फिलहाल बिहार के हाजीपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद हैं। 2024 में उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कैबिनेट में खाद्य प्रसंस्करण उद्योग (फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्रीज) का मंत्रालय संभाल रहे हैं।


