गंगा में बहाव की चपेट में आकर दो छात्र डूबे:प्रयागराज में एक को बचाने के चक्कर में दूसरा भी पानी में समाया, नहीं मिला सुराग

गंगा में बहाव की चपेट में आकर दो छात्र डूबे:प्रयागराज में एक को बचाने के चक्कर में दूसरा भी पानी में समाया, नहीं मिला सुराग

प्रयागराज के शिवकुटी में शनिवार शाम गंगा स्नान के दौरान दो प्रतियोगी छात्र डूब गए। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। देर रात तक पुलिस और जल पुलिस की टीम दोनों की तलाश में जुटी रही, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिल सका। रविवार सुबह फिर से सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा।
तीन दोस्तों के साथ गंगा स्नान करने पहुंचे थे
मूल रूप से लखीमपुर खीरी निवासी 17 वर्षीय अधीर रंजन सिंह शिवकुटी में रहकर एसएससी की तैयारी करता था। वहीं नवाबगंज के कस्तूरीपुर अटरामपुर गांव निवासी हिमांशु पांडे भी शिवकुटी में किराए के कमरे में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था।
दोनों अपने तीन दोस्तों के साथ शनिवार शाम करीब 6:30 बजे कोटेश्वर महादेव मंदिर के पास गंगा स्नान करने पहुंचे थे। इनमें से दो दोस्त अल्लापुर में किराए के कमरे में रहते हैं। स्नान के दौरान अचानक अधीर और हिमांशु गहरे पानी में चले गए और तेज धारा में बहने लगे।
दोस्तों ने बचाने की कोशिश की
दोनों को डूबता देख साथियों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज बहाव के कारण सफलता नहीं मिल सकी। घटना की जानकारी मिलते ही घाट पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर शिवकुटी पुलिस मौके पर पहुंची और तलाश शुरू कराई गई।
रात में गोताखोरों ने नदी में उतरने से किया मना
पुलिस ने गोताखोरों को बुलाया, लेकिन अंधेरा और तेज धारा होने की वजह से उन्होंने रात में नदी में उतरने से इनकार कर दिया। इसके बाद जल पुलिस की टीम को बुलाकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया, लेकिन देर रात तक दोनों युवकों का कोई पता नहीं चल सका।
सुबह फिर चलेगा सर्च अभियान
शिवकुटी थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह यादव ने बताया कि देर रात तक दोनों युवकों की तलाश की जाती रही, लेकिन सफलता नहीं मिली। रविवार सुबह एक बार फिर सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा। घटना की सूचना दोनों परिवारों को दे दी गई है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *