शाजापुर जिले में रविवार सुबह नेशनल हाईवे-52 पर दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक शख्स की मौत हो गई, जबकि एक ही परिवार के चार सदस्य घायल हो गए। पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है। पहला हादसा उकावता पुलिस चौकी क्षेत्र के गिरी पेट्रोल पंप के पास सुबह करीब 8 से 9 बजे के बीच हुआ। यहां एक तेज रफ्तार ट्रक ने आगे चल रही कार को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंती में जा गिरी। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। इंदौर से गुना जा रहा परिवार घायल हादसे में कार सवार पति-पत्नी और उनके दो बच्चे घायल हो गए। सूचना पर 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को प्राथमिक इलाज के लिए सारंगपुर अस्पताल पहुंचाया गया। बाद में उन्हें शाजापुर जिला अस्पताल रेफर किया गया। घायलों की पहचान पंकज शर्मा, भारती शर्मा, पार्थ शर्मा और मानवी शर्मा के रूप में हुई है। यह परिवार इंदौर से गुना गर्मियों की छुट्टियां बिताने जा रहा था। पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश कर रही है। रिटायर कर्मचारी की मौत वहीं, दूसरा हादसा लालघाटी थाना क्षेत्र में सांदीपनि विद्यालय के सामने हुआ। यहां एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार बुजुर्ग को टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर डायल 112 के पायलट प्रबल शर्मा और आरक्षक देवांग ठाकुर की टीम मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। मृतक की पहचान शाजापुर निवासी पुरुषोत्तम खत्री के रूप में हुई है, जो न्यायालय से सेवानिवृत्त कर्मचारी थे। वे रविवार सुबह किसी काम से निकले थे, हालांकि परिजनों को उनकी गंतव्य की जानकारी नहीं थी। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है।


