महोबा के झारखंड धाम स्थित धसान नदी में पिकनिक मनाने गए एक ही परिवार के दो सगे भाइयों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों में एक सरकारी शिक्षक थे, जबकि दूसरे उनके छोटे भाई थे जो महोबा में पुलिस भर्ती परीक्षा देने आए थे। यह घटना रविवार शाम को हुई। बताया गया है कि दोनों भाई अपने 5 वर्षीय भतीजे को बचाने के प्रयास में गहरे पानी में समा गए। महोबा-झांसी जिले की सीमा पर घटना स्थल होने के कारण एंबुलेंस पहुंचने में करीब 4 घंटे की देरी हुई, जिससे दोनों भाइयों को बचाया नहीं जा सका। मृतकों की पहचान फतेहपुर के बिजौली गांव निवासी जितेंद्र (32) और उनके छोटे भाई राजा (24) के रूप में हुई है। जितेंद्र पनवाड़ी के नेपुरा विद्यालय में सरकारी शिक्षक थे और पनवाड़ी कस्बे में परिवार के साथ किराए पर रहते थे। राजा अपने भाई रंजीत के साथ पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा देने महोबा आया था। जितेंद्र का साला दिलीप भी झांसी में होने वाली परीक्षा के लिए उनके यहां रुका हुआ था।
रविवार शाम को जितेंद्र अपनी पत्नी, 5 साल के बेटे सिद्धांत, साले दिलीप और अपने दो छोटे भाइयों रंजीत और राजा के साथ नदी किनारे पिकनिक मनाने और नहाने गए थे। नहाते समय अचानक 5 साल का मासूम सिद्धांत और शिक्षक जितेंद्र गहरे पानी में डूबने लगे। जितेंद्र ने अपनी जान की परवाह न करते हुए बेटे को हवा में उछाल कर किनारे की तरफ फेंक दिया। किनारे खड़े भाई रंजीत ने तत्परता दिखाते हुए मासूम सिद्धांत को सुरक्षित बचा लिया। अपने बड़े भाई जितेंद्र को डूबता देख 24 वर्षीय सबसे छोटे भाई राजा ने उन्हें बचाने के लिए गहरे पानी में छलांग लगा दी। हालांकि, इस प्रयास में राजा भी गहरे पानी में समा गए और दोनों भाइयों की डूबने से मौत हो गई।


