जयपुर में दर्दनाक हादसा: बस की टक्कर से डिवाइडर कूदकर एम्बुलेंस से भिड़ी बोलेरो, मरीज समेत 6 घायल, गाड़ियों के उड़े परखच्चे

जयपुर में दर्दनाक हादसा: बस की टक्कर से डिवाइडर कूदकर एम्बुलेंस से भिड़ी बोलेरो, मरीज समेत 6 घायल, गाड़ियों के उड़े परखच्चे

जयपुर। राजधानी के हरमाड़ा इलाके में आज सुबह रोंगटे खड़े कर देने वाला सड़क हादसा हुआ। सीकर रोड पर नींदड़ आवासीय योजना के सामने एक तेज रफ्तार बस ने कहर बरपाया। बस ने आगे चल रही बोलेरो को इतनी जोर से टक्कर मारी कि वह हवा में उछलकर डिवाइडर लांघ गई और दूसरी लेन में सामने से आ रही एम्बुलेंस से जा भिड़ी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एम्बुलेंस और बोलेरो का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। एम्बुलेंस में जा रहे मरीज और बोलेरो सवार लोगों सहित करीब आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी बस चालक मौके पर वाहन छोड़कर फरार हो गया।

मौत बनकर आई बस, डिवाइडर लांघ गई बोलेरो

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह हाईवे पर वाहनों की रफ्तार काफी तेज थी। इसी दौरान पीछे से आ रही एक निजी बस ने बोलेरो को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बोलेरो अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर फांदकर दूसरी तरफ पहुंच गई। उसी पल सामने से आ रही एम्बुलेंस से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। दोनों गाड़ियों के लोहे के टुकड़े और कांच कई मीटर दूर तक जा गिरे। मंजर इतना भयावह था कि वहां से गुजर रहे राहगीर सहम गए।

एम्बुलेंस में जा रहा मरीज और तीमारदार भी हुए लहूलुहान

जिस वक्त हादसा हुआ, एम्बुलेंस एक मरीज को लेकर गंभीर हालत में अस्पताल जा रही थी। बोलेरो की टक्कर के बाद एम्बुलेंस में सवार मरीज, उसके परिजन और बोलेरो में बैठे लोग फंस गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची हरमाड़ा थाना पुलिस ने सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहाँ दो की हालत चिंताजनक बनी हुई है।

हाईवे पर लगा जाम, क्रेन से हटवाई गाड़ियां

एक्सीडेंट के बाद जयपुर-सीकर हाईवे पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। हादसे के कारण दोनों तरफ वाहनों की कतारें लग गईं और करीब 2 से 3 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बोलेरो और एम्बुलेंस को बीच सड़क से हटवाया। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद हाईवे पर यातायात को फिर से सुचारु किया जा सका। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस चालक की लापरवाही और अत्यधिक गति के कारण यह हादसा हुआ। बस की गति इतनी अधिक थी कि टक्कर के बाद बोलेरो को संभलने का मौका ही नहीं मिला। फिलहाल पुलिस हादसे की जांच कर रहीं है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *