बालाघाट पुलिस ने जिले की राशन दुकानों से सरकारी खाद्यान्न चोरी करने वाले चार अंतर्राज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई गढ़ी, बैहर, बिरसा और मलाजखंड थाना क्षेत्रों में हुई। आरोपियों का एक साथी, उत्तर प्रदेश के जालौन निवासी इंद्रजीत रैदास, अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस जालौन गई है। पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा ने बताया कि जल्द ही फरार आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इन थाना क्षेत्रों के ग्रामीण इलाकों में स्थित राशन दुकानों से चावल की बोरियां चोरी होने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की और अपने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बछेरापाछ-भोरा जंगल में घेराबंदी की। यहां से पुलिस ने एक पिकअप वाहन में भरा लगभग 250 क्विंटल राशन और वाहन बरामद किया, साथ ही चार आरोपियों को मौके से पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान छत्तीसगढ़ के कवर्धा कबीरधाम निवासी सानू मंसूरी (27), रज्जन वर्मा (26), और उत्तर प्रदेश के जालौन निवासी सद्दाम शाह (28) व रिजवान शाह (28) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे सभी यूपी के जालौन के दोस्त हैं और पिछले दो महीने से कबाड़ खरीदने की आड़ में ग्रामीण क्षेत्रों में घूमकर सरकारी राशन दुकानों की रेकी कर रहे थे। उन्होंने सुनसान और सीसीटीवी रहित राशन दुकानों को चिन्हित कर चोरी की योजना बनाई। इसके बाद वे पिकअप और मोटरसाइकिल का इस्तेमाल कर दुकानों से गेहूं और चावल की बोरियां चुराते थे। आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है, जिसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया गया। पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा ने यह भी बताया कि आरोपियों ने चोरी किया गया चावल बालाघाट के बिरसा, मंडला और जबलपुर के व्यापारियों को बेचा है। पुलिस इन व्यापारियों से भी पूछताछ करेगी। एसपी मिश्रा ने खाद्यान्न चोरी के इस मामले में आरोपियों और चोरी के माल को पकड़ने वाली टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।


