बांसवाड़ा| ट्रैक्टर चोरी के मामले में सदर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्य गिरोह का पर्दाफाश किया है। करीब 25-30 सीसीटीवी फुटेज खंगालकर पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि मुख्य आरोपी और खरीदार अब भी फरार हैं। सदर थाना अधिकारी रूपसिंह के अनुसार, सियापुर निवासी कल्याण सिंह ने 7 अप्रैल को रिपोर्ट दी थी कि उनके गोदाम से 5 अप्रैल की रात अज्ञात बदमाश ट्रैक्टर को ट्रॉली सहित चोरी कर ले गए। गोदाम का ताला तोड़कर वारदात की गई थी और पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। पुलिस ने बोरवट, कूपड़ा ब्रिज, लियो चौराहा, तेजपुर, कागदी, टोल नाका पाडला होते हुए दानपुर, सेलाना और रतलाम तक के फुटेज खंगाले। जांच में सामने आया कि ट्रैक्टर मध्यप्रदेश के नामली ले जाया गया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि देवीलाल डामोर (पाड़ला) ने ट्रैक्टर चोरी कर प्रभु खराड़ी (सरवन, रतलाम) के जरिए नामली में 1.50 लाख रुपए में बेच दिया। इस सौदे में केसु निनामा (पातीनगरा, दानपुर) ने भी सहयोग किया। पुलिस ने प्रभु खराड़ी और केसु निनामा को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि मुख्य आरोपी देवीलाल डामोर और ट्रैक्टर खरीदने वाला दरबार (नामली, रतलाम) फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।


