Top 10 Indian Companies: ये हैं भारत की 10 सबसे बड़ी कंपनियां, टॉप-2 पर रिलायंस ग्रुप का कब्जा, जानिए किसका कितना है मार्केट कैप

Top 10 Indian Companies: ये हैं भारत की 10 सबसे बड़ी कंपनियां, टॉप-2 पर रिलायंस ग्रुप का कब्जा, जानिए किसका कितना है मार्केट कैप

Jio Platforms Market Cap: जियो प्लेटफॉर्म्स की शेयर बाजार में एंट्री के बाद देश की सबसे वैल्यूएबल कंपनियों की रैंकिंग बदल गई है। 12.77 लाख करोड़ रुपये के मार्केट कैप के साथ जियो प्लेटफॉर्म्स ने देश की टॉप कंपनियों में जगह बना ली है। नई रैंकिंग में मुकेश अंबानी की रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर बनी हुई है। जियो प्लेटफॉर्म्स दूसरे और भारती एयरटेल तीसरे नंबर पर है। वहीं, एचडीएफसी बैंक और आईसीआईसीआई बैंक ने भी टॉप-5 में अपनी जगह बरकरार रखी है। आइए जानते हैं कि इस समय देश की 10 सबसे वैल्यूएबल कंपनियां कौन सी हैं।

  1. रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL)

रिलायंस इंडस्ट्रीज देश की सबसे वैल्यूएबल लिस्टेड कंपनी बनी हुई है। बीएसई पर बुधवार दोपहर 2 बजकर 20 मिनट पर कंपनी का मार्केट कैप 15,71,533.72 करोड़ रुपये था। मुकेश अंबानी की अगुवाई वाली इस कंपनी का कारोबार तेल से लेकर केमिकल, रिटेल और टेलीकॉम सेक्टर तक फैला है। रिलायंस इंडस्ट्रीज ने दूसरी तिमाही के नतीजे 30 अक्टूबर, शुक्रवार को घोषित करने की जानकारी दी है।

  1. जियो प्लेटफॉर्म्स

शेयर बाजार में मजबूत शुरुआत के साथ ही जियो प्लेटफॉर्म्स देश की दूसरी सबसे वैल्यूएबल कंपनी बन गई। बुधवार दोपहर 2 बजकर 30 मिनट पर कंपनी का शेयर बीएसई पर 1.47 फीसदी या 20 रुपये की बढ़त के साथ 1378 रुपये पर ट्रेड करता दिखा। इसके साथ ही कंपनी का मार्केट कैप 12.77 लाख करोड़ रुपये पर दिखाई दिया। कंपनी के कारोबार में टेलीकॉम के अलावा डिजिटल एंटरटेनमेंट, कॉमर्स और एंटरप्राइज AI जैसी सेवाएं भी शामिल हैं।

  1. भारती एयरटेल

भारती एयरटेल का मार्केट कैप बुधवार दोपहर बीएसई पर 12,24,043.08 करोड़ रुपये पर दिखाई दिया। यह देश की तीसरी सबसे बड़ी लिस्टेड कंपनी है। जियो प्लेटफॉर्म्स के बाजार में आने से दोनों टेलीकॉम कंपनियों के बीच वैल्यूएशन का अंतर कम हो गया है। एयरटेल को मोबाइल टैरिफ में बढ़ोतरी, प्रति ग्राहक औसत कमाई (ARPU) में सुधार और प्रीमियम प्लान की ओर ग्राहकों को लाने की रणनीति से फायदा मिला है। कंपनी ब्रॉडबैंड कारोबार का भी विस्तार कर रही है।

  1. एचडीएफसी बैंक

एचडीएफसी बैंक देश का सबसे मूल्यवान प्राइवेट सेक्टर का बैंक बना हुआ है। साथ ही देश की चौथी सबसे बड़ी लिस्टेड कंपनी है। बुधवार दोपहर बीएसई पर इसका मार्केट कैप 10,56,337.08 करोड़ रुपये पर दिखाई दिया। बैंक का बड़ा ग्राहक आधार और शाखाओं का नेटवर्क इसकी प्रमुख ताकत हैं। एचडीएफसी लिमिटेड के साथ विलय से बैंक का कर्ज कारोबार बढ़ा, लेकिन जमा जुटाने और क्रेडिट-टू-डिपॉजिट अनुपात को लेकर कुछ चुनौतियां भी सामने आईं।

  1. आईसीआईसीआई बैंक

आईसीआईसीआई बैंक 9,89,105.22 लाख करोड़ के मार्केट कैप के साथ पांचवें स्थान पर है। बैंक ने कर्ज की गुणवत्ता सुधारने, मुनाफा बढ़ाने और डिजिटल बैंकिंग सेवाओं का विस्तार करने पर ध्यान दिया है। बैंक के वित्तीय प्रदर्शन और डिजिटल सेवाओं में बढ़ती पहुंच ने इसे देश की प्रमुख निजी बैंकों में बनाए रखा है।

  1. टीसीएस

टाटा ग्रुप की आईटी कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेस देश की छठी सबसे मूल्यवान कंपनी है। बुधवार दोपहर बीएसई पर कंपनी का मार्केट कैप 8,85,346.02 करोड़ रुपये था।

  1. भारतीय स्टेट बैंक

देश का सबसे बड़ा सरकारी बैंक एसबीआई 8,82,784.38 करोड़ रुपये के बाजार पूंजीकरण के साथ सातवें स्थान पर है। बुधवार को एसबीआई का शेयर हरे निशान पर ट्रेड करता दिखा।

  1. बजाज फाइनेंस

बजाज फाइनेंस 5,69,519.42 करोड़ रुपये की वैल्यूएशन के साथ देश की 8वीं सबसे बड़ी कंपनी है।

  1. लार्सन एंड टुब्रो

कंस्ट्रक्शन सेक्टर की दिग्गज कंपनी लार्सन एंड टुब्रो 5,24,339.82 करोड़ रुपये के बाजार पूंजीकरण के साथ देश की नौवीं सबसे बड़ी वैल्यूएबल कंपनी है।

  1. एलआईसी

लाइफ इंश्योरेंस कॉर्पोरेशन 4,95,943.07 करोड़ रुपये की वैल्यूएशन के साथ देश की 10वीं सबसे वैल्यूएबल कंपनी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *