‘खुद मैसेज कर बताया’, जज अमन शर्मा सुसाइड केस में नया मोड़; पत्नी स्वाति मलिक के परिवार ने क्या कहा

‘खुद मैसेज कर बताया’, जज अमन शर्मा सुसाइड केस में नया मोड़; पत्नी स्वाति मलिक के परिवार ने क्या कहा

दिल्ली में तैनात 30 वर्षीय जज अमन कुमार शर्मा की मौत के मामले में नया खुलासा हुआ है। 2 मई को हुई इस घटना के बाद अमन के पिता प्रेम शर्मा ने दिल्ली के सफदरजंग एनक्लेव थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें उन्होंने अमन की पत्नी स्वाति मलिक, उनकी बहन आईएएस अधिकारी निधि मलिक और उनके ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पिता का दावा है कि उनके बेटे को इस हद तक मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया कि उसने मौत को गले लगा लिया। उसने दिल्ली में न्यायिक अधिकारी पत्नी स्वाति के सामने ही मौत को गले लगाया। लेकिन उसने बचाने के लिए कुछ नहीं किया।

मिली जानकारी के मुताबिक, अमन शर्मा मूल रूप से राजस्थान के खैरथल-तिजारा क्षेत्र के मुंडाना गांव के रहने वाले थे। उनका परिवार फिलहाल अलवर शहर के हसन खान मेवात नगर में रहता है। अमन दिल्ली की कड़कड़डूमा कोर्ट में दिल्ली विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) के सचिव पद पर तैनात थे, जबकि उनकी पत्नी स्वाति भी दिल्ली में जज हैं। दंपति दिल्ली के ग्रीन पार्क इलाके में सरकारी आवास में रहते थे और उनके दो बच्चे हैं।

मौत से पहले अमन का आखिरी फोन

एफआईआर के मुताबिक, 1 मई की शाम अचानक अमन शर्मा ने अपने पिता प्रेम शर्मा को फोन किया था। फोन पर अमन बेहद परेशान थे। उन्होंने अपने पिता से कहा, “पापा मेरा जीने का मन नहीं कर रहा है, मैं अब ज्यादा नहीं जी पाऊंगा।” यह सुनकर पिता घबरा गए। जब उन्होंने वजह पूछी तो अमन ने कथित तौर पर बताया कि उनकी पत्नी स्वाति मलिक, उनकी आईएएस बहन निधि मलिक और परिवार के अन्य लोग उन्हें लगातार परेशान कर रहे हैं। अमन ने यह भी कहा कि अगर हालात नहीं बदले तो वह मौत को गले लगा लेगा।

बेटे की बात सुनते ही प्रेम शर्मा अलवर से तुरंत दिल्ली पहुंचे। वह ग्रीन पार्क स्थित घर में बेटे के साथ ही सोये और उसे कई घंटों तक समझाया।

सुबह पत्नी से बात करने गए, फिर हुई अनहोनी

एफआईआर में बताया गया है कि अगले दिन सुबह अमन ने पिता से कहा कि वह पत्नी स्वाति से बात कर चीजें ठीक करेगा और वह स्वाति से बात करने के लिए दूसरे कमरे में चले गया। इसके बाद दोनों एक कमरे में काफी समय तक बात करते रहें, जहां कथित तौर पर उनके बीच तीखी बहस हुई।

शिकायत के अनुसार कमरे से अमन के रोने की आवाजें आ रही थीं, जबकि स्वाति उन्हें जोर-जोर से डांट रही थीं। इसी दौरान पिता प्रेम शर्मा भी वहां पहुंचे और कमरे के बाहर से आवाजें सुनने लगे।

कुछ देर बाद कमरे का दरवाजा खुला और स्वाति बाहर आईं। जब प्रेम शर्मा ने पूछा कि अमन कहां हैं, तो कथित तौर पर बहू स्वाति ने कहा कि उन्हें नहीं पता।

बाथरूम में मृत मिले जज अमन शर्मा

एफआईआर में दावा किया गया है कि इसके बाद पिता ने अमन को फोन किया तो पता चला कि वह उसी कमरे के बाथरूम में हैं। बाथरूम अंदर से बंद था और उसकी चाबी कथित तौर पर स्वाति के पास थी।

प्रेम शर्मा का आरोप है कि स्वाति ने उन्हें चाबी नहीं दी और वहां से चली गईं। इसी दौरान स्वाति की बहन निधि मलिक और उनके चाचा कार से वहां पहुंचे और स्वाति को अपने साथ ले गए। बाद में जब बाथरूम खोला गया तो अमन शर्मा अंदर स्वाति की चुन्नी से फंदे पर लटके मिले।

‘पति जान दे रहा था, लेकिन उसने कुछ नहीं किया’

अमन शर्मा के पिता ने अपनी शिकायत में कहा कि उनके बेटे ने पत्नी स्वाति के सामने ही आत्महत्या की, लेकिन उन्होंने उसे बचाने की कोई कोशिश नहीं की।

प्रेम शर्मा ने कहा, “कोई महिला इतनी कठोर कैसे हो सकती है कि उसका पति उसके सामने मौत को गले लगा ले और वह कुछ न करे।”

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि घटना के तुरंत बाद स्वाति ने अपने चाचा और बहन को मैसेज कर बुलाया और फिर उनके साथ वहां से चली गईं, जबकि वह लगातार अपने बेटे के बारे में पूछते रहे।

पुलिस को दिए बयान में क्या बोला स्वाति का परिवार?

वहीं पुलिस को दिए गए बयान में स्वाति मलिक और उनके परिजनों ने कहा है कि वे अमन शर्मा के व्यवहार से परेशान थे और उन्हें अपना व्यवहार बदलने की जरूरत थी। हालांकि अमन के व्यवहार को लेकर विस्तार से कोई जानकारी नहीं दी गई है।

पिता बोले- अमन और स्वाति ने की थी लव मैरिज

प्रेम शर्मा ने बताया कि अमन शर्मा और स्वाति मलिक (Swati Malik) की शादी दोनों की सहमति से हुई थी। दोनों ट्रेनिंग के दौरान एक-दूसरे के करीब आए थे। उन्होंने कहा कि उन्होंने खुद शादी की पूरी तैयारी की थी और उन्हें कभी उम्मीद नहीं थी कि रिश्ता इस मोड़ तक पहुंच जाएगा।

उन्होंने बताया कि घटना के बाद स्वाति ने अपने चाचा और बहन को खुद मैसेज कर बताया कि अमन ने ऐसा कर लिया है, वह लोग तुरंत वहां आये और स्वाति को साथ ले गए। मैं चिल्लाता रहा और पूछता रहा अमन कहां है, लेकिन स्वाति ने कुछ नहीं बताया। अमन ने हमें अपने वैवाहिक जीवन में चल रहे तनावों के बारे में पहले कुछ नहीं बताया था।

अब इस हाई-प्रोफाइल मामले में दिल्ली पुलिस की जांच पर सभी की नजरें टिकी हैं। मामले में मानसिक प्रताड़ना, वैवाहिक तनाव और आत्महत्या के लिए उकसाने जैसे कई पहलुओं की जांच की जा रही है। आने वाले दिनों में बड़ा खुलासा होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *