Times Square Stabbing: न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर में महिला ने दो लोगों पर किया चाकू से हमला, पुलिस की गोली से आरोपी की मौत

Times Square Stabbing: न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर में महिला ने दो लोगों पर किया चाकू से हमला, पुलिस की गोली से आरोपी की मौत

New York stabbing incident: अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर के मशहूर ‘टाइम्स स्क्वायर’ में स्थानीय समयानुसार सोमवार को चाकूबाजी की घटना से हड़कंप मच गया। दरअसल, महिला ने कथित तौर पर दो लोगों पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में एक महिला की मौत हो गई, जबकि दूसरा शख्स गंभीर रूप से घायल हो गया है। घटना के बाद पुलिस ने संदिग्ध महिला को गोली मार दी। बाद में अस्पताल में उसकी भी मौत हो गई।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, न्यूयॉर्क शहर के मशहूर टाइम्स स्क्वायर में चाकूबाजी की घटना 42वीं स्ट्रीट और सेवेंथ एवेन्यू के पास हुई। हमला करने के बाद महिला न्यूयॉर्क सिटी पुलिस डिपार्टमेंट की तरफ भागी। वहां मौजूद पुलिस अधिकारियों ने उसे रोकने की कोशिश की।अधिकारियों ने बताया कि महिला के हाथ में दो बड़े चाकू थे। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो भी बनाया। वीडियो में कई पुलिस अधिकारी महिला को घेरते नजर आ रहे हैं।

इस दौरान एक अधिकारी ने महिला पर टेजर यानी इलेक्ट्रिक शॉक देने वाले उपकरण का इस्तेमाल किया। हालांकि, इसके बाद महिला चाकू लहराते हुए अधिकारियों की ओर बढ़ने लगी। महिला को अपनी ओर आता देख पुलिस अधिकारियों ने गोली चला दी। गोली लगने के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि महिला द्वारा चाकू से घायल किए गए लोगों में एक महिला की अस्पताल में मौत हो गई। वहीं, दूसरे पीड़ित की हालत गंभीर है और उसकी चोटें जानलेवा बताई जा रही हैं।

आतंकवादी घटना नहीं मान रही पुलिस

स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि शुरुआती जांच में इस घटना के आतंकवाद से जुड़े होने के कोई संकेत नहीं मिले हैं। अधिकारियों के मुताबिक, संदिग्ध महिला भावनात्मक रूप से परेशान या मानसिक रूप से परेशान प्रतीत हो रही थी। पुलिस की गोलीबारी टाइम्स स्क्वायर में वन टाइम्स स्क्वायर के बाहर हुई। यह न्यूयॉर्क के सबसे अधिक भीड़भाड़ और सुरक्षा वाले इलाकों में से एक है। घटना के बाद पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी और जांच के लिए सेवेंथ एवेन्यू के एक हिस्से को बंद कर दिया। अधिकारियों ने लोगों से फिलहाल इस इलाके से दूर रहने की अपील की है।

न्यूयॉर्क सिटी के मेयर का आया बयान

न्यूयॉर्क सिटी के मेयर जोहरान ममदानी ने टाइम्स स्क्वायर में हुई घातक चाकूबाजी की घटना पर बयान दिया। उन्होंने कहा कि मैं उन न्यूयॉर्क सिटी पुलिस विभाग के अधिकारियों का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं, जिन्होंने तुरंत कार्रवाई की और एक भयावह हमले को और ज्यादा गंभीर होने से रोक दिया।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *