Tiger Shroff Firing Case : टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में इस्तेमाल बाइक को लेकर खुलासा, तीसरे मालिक ने बताई पूरी कहानी

Tiger Shroff Firing Case : टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में इस्तेमाल बाइक को लेकर खुलासा, तीसरे मालिक ने बताई पूरी कहानी

मुंबई। अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की घटना की जांच में मुंबई पुलिस को इस्तेमाल की गई बाइक के मालिकों का पता लगा लिया है। इस बीच, बाइक के तीसरे मालिक रज्जब अली शेख ने खुलासा किया है कि उन्होंने यह मोटरसाइकिल 25 से 26 हजार रुपए में बेच दी थी। उनका कहना है कि बाइक बेचते समय उन्हें अंदाजा नहीं था कि आगे चलकर इसका इस्तेमाल किसी आपराधिक वारदात में हो सकता है। रज्जब अली शेख ने बताया कि बाइक को बेचने के लिए घर के बाहर रखा गया था। मेरे भतीजे ने इसे बेचने का फैसला किया था। इसके बाद परिचितों के जरिए एक व्यक्ति ने बाइक खरीदने में दिलचस्पी दिखाई। आपसी जान-पहचान के कारण सौदा तय हुआ और मोटरसाइकिल बेच दी गई।

पुलिस को सब कुछ बता दिया

रज्जब अली शेख ने बताया कि जब फायरिंग की घटना की खबर आई, तब मुंबई पुलिस उनके घर पहुंची। इसके बाद उन्हें पता चला कि जिस व्यक्ति को उन्होंने बाइक बेची थी या किसी अन्य व्यक्ति ने उसका इस्तेमाल वारदात में किया हो सकता है। उन्होंने आगे कहा कि घटना सामने आने के बाद पुलिस ने उनसे पूछताछ की। परिवार ने पुलिस को पूरी जानकारी दी और जांच में आगे भी सहयोग करने का भरोसा दिलाया।

बाइक गलत काम में इस्तेमाल हुई, हम परेशान हैं

रज्जब अली शेख ने कहा कि उन्होंने मोटरसाइकिल बेच दी थी, लेकिन उसका इस्तेमाल गलत काम में होने की जानकारी से परिवार काफी परेशान है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने उनके साथ अच्छा व्यवहार किया है और वे जांच में हर संभव मदद करेंगे। अगर आगे किसी कार्रवाई की जरूरत होगी, तो हम सहयोग के लिए तैयार हैं। अगर पुलिस हमें गवाह बनने के लिए कहती है, तो हम जरूर तैयार होंगे। रज्जब अली शेख ने लोगों से अपील की कि पुरानी बाइक या कोई भी वाहन बेचते समय सभी जरूरी दस्तावेज और कागजी कार्रवाई पूरी करें। उन्होंने बताया कि वे बाइक के तीसरे मालिक थे और इसे बेचकर चौथे मालिक को सौंप चुके थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *