लखनऊ के इकाना स्टेडियम में 17 जून 2026 को होने वाले भारत बनाम अफगानिस्तान डे-नाइट वनडे मैच के लिए रायबरेली में एक विशेष टिकट काउंटर खोला गया है। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (UPCA) और बीसीसीआई के सहयोग से यह सुविधा रायबरेली के क्रिकेट प्रेमियों के लिए उपलब्ध कराई गई है। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के मीडिया मैनेजर मुहम्मद फहीम ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य रायबरेली के क्रिकेट प्रशंसकों को टिकट खरीदने के लिए दूर न भटकना पड़े। स्थानीय स्तर पर ही टिकट उपलब्ध कराने के लिए यह काउंटर स्थापित किया गया है। टिकटों की बुकिंग और वितरण 8 और 9 जून 2026 को सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक किया जाएगा। यह प्रक्रिया टिकट पार्टनर KTM एजेंसी के माध्यम से ऑनलाइन बुकिंग और वितरण के रूप में संचालित होगी। मुहम्मद फहीम के अनुसार, आम जनता और क्रिकेट प्रशंसकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए टिकटों की विभिन्न श्रेणियां निर्धारित की गई हैं। न्यूनतम टिकट का मूल्य 599 रुपये है, जबकि अधिकतम टिकट 25,000 रुपये में उपलब्ध है। फहीम ने कहा कि रायबरेली के लिए यह एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है कि अंतरराष्ट्रीय मैच के टिकट उनके शहर में ही उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि रायबरेली और आसपास के जिलों के क्रिकेट प्रशंसक बड़ी संख्या में इस अवसर का लाभ उठाएंगे। काउंटर पर पहले दिन से ही लोगों की भारी भीड़ देखी जा रही है, जो खेल के प्रति उनके उत्साह को दर्शाता है।


