पुलिस अभिरक्षा से भागा युवक 36 घंटे बाद पकड़ाया:पुलिस को जंगल में बेहोश मिला; जिला अस्पताल में इलाज जारी

पुलिस अभिरक्षा से भागा युवक 36 घंटे बाद पकड़ाया:पुलिस को जंगल में बेहोश मिला; जिला अस्पताल में इलाज जारी

डिंडोरी के शाहपुर थाने से रविवार रात पुलिस अभिरक्षा से भागा युवक 36 घंटे बाद बेहोशी की हालत में जंगल में मिला है। परिजनों ने उसे डिंडोरी जिला अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस अब उसके होश में आने का इंतजार कर रही है। युवक के भाई मुकेश मरावी ने बताया कि रविवार रात से ही उसकी तलाश की जा रही थी। मंगलवार सुबह करीब दस बजे वह शाहपुर से आठ किलोमीटर दूर गोरखपुर बांध के ऊपर जंगल के किनारे बेशरम की झाड़ियों के बीच बेहोश मिला। मुकेश के अनुसार, युवक ने बेशरम की पत्तियां खा ली थीं, जिसके बाद उसे उल्टी कराई गई। उसके पैर में सूजन भी है। आरोपी का शुगर लेवल और ब्लड प्रेशर कम ड्यूटी डॉक्टर नितिन देशमुख ने बताया कि मरीज का शुगर लेवल और ब्लड प्रेशर कम है। उसे प्राथमिक इलाज दिया गया है और उम्मीद है कि थोड़ी देर में उसकी हालत सामान्य हो जाएगी। युवक की मां सिंधिया बाई ने राहत व्यक्त करते हुए कहा कि उनका बेटा मिल गया है और अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। उन्होंने कहा कि उन्हें और कुछ नहीं चाहिए, बस उनका बेटा सुरक्षित रहे। एसडीओपी अजय तिवारी ने जानकारी दी कि युवक के होश में आने के बाद उसके बयान दर्ज किए जाएंगे। उन्होंने यह भी बताया कि पुलिस स्टाफ द्वारा बरती गई लापरवाही के संबंध में प्रतिवेदन एसपी कार्यालय भेजा जाएगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *