गोंडा में चोरी की बोलेरो लिए घूम रहे थे लखनऊ और बाराबंकी के तीन शातिर, पुलिस ने पकड़ा तो खुले कई बड़े राज?

गोंडा में चोरी की बोलेरो लिए घूम रहे थे लखनऊ और बाराबंकी के तीन शातिर, पुलिस ने पकड़ा तो खुले कई बड़े राज?

गोंडा जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र में पुलिस की चेकिंग के दौरान बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। संदिग्ध वाहन को रोकने के प्रयास में भाग रहे तीन आरोपियों को पुलिस ने घेरकर पकड़ लिया। जांच में सामने आया कि उनके पास मौजूद बोलेरो गाड़ी चोरी की थी। पूछताछ के बाद एक और चोरी का राज खुला। जिसके बाद पुलिस ने छिपाया गया ट्रैक्टर-ट्रॉली भी बरामद कर लिया।

गोंडा जिले के थाना नवाबगंज क्षेत्र में पुलिस द्वारा चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान एक बड़ी सफलता मिली है। कोल्ड स्टोर चौराहे पर पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। तभी एक सफेद बोलेरो वाहन को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखते ही वाहन में सवार लोग भागने लगे। लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया। उसमें बैठे तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

चोरी की बोलेरो बेचने के लिए ग्राहक की कर रहे थे तलाश

पकड़े गए आरोपियों से जब पूछताछ की गई तो उन्होंने बताया कि बोलेरो गाड़ी को 12 अप्रैल 2026 की रात सीतापुर जिले के रेऊसा थाना क्षेत्र से चोरी किया गया था। वे इस वाहन को बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे थे।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने एक और बड़ा खुलासा किया। उन्होंने बताया कि करीब 8 महीने पहले उन्होंने अपने एक साथी राकेश के साथ मिलकर सीतापुर के रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र से एक महिन्द्रा 265 डीआई ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी की थी। चोरी के बाद उसे नवाबगंज क्षेत्र के ग्राम रेहली के पास एक सुनसान बाग में छिपाकर रखा गया था।

पुलिस अब पूरे नेटवर्क की तलाश में जुटी

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने बताए गए स्थान से ट्रैक्टर-ट्रॉली भी बरामद कर लिया। जांच में दोनों वाहन चोरी के पाए गए। जिनके संबंध में पहले से ही सीतापुर के अलग-अलग थानों में मुकदमे दर्ज थे। पकड़े गए आरोपियों में लखनऊ के रहने वाले रामतेज यादव उर्फ रिंकू बाराबंकी के रहने वाले अमन कुमार तथा लखनऊ के रहने वाले फुरकान को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ चोरी सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। गिरोह से जुड़े और खुलासे होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *