कभी 5 छक्के लगाए थे, उसी की बात करते हैं, रिंकू को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया गया? KKR की हार के बाद इस दिग्गज ने साधा निशाना

कभी 5 छक्के लगाए थे, उसी की बात करते हैं, रिंकू को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया गया? KKR की हार के बाद इस दिग्गज ने साधा निशाना

श्रीकांत ने कहा, “रिंकू सिंह कोई विस्फोटक बल्लेबाज नहीं हैं। उन्होंने काफी समय पहले पांच गेंदों पर पांच छक्के मारे थे और हम आज तक उसी की बात करते रहते हैं। स्ट्राइक रोटेट करने में वो ठीक हैं, लेकिन जब रन रेट 10-12 के ऊपर जाए तो वो नहीं कर पाते।” 

चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के हाथों 32 रनों की हार के बाद कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रहीं। मंगलवार को चेपॉक पर 192 रनों का पीछा करते हुए केकेआर की बल्लेबाजी एक बार फिर बिखर गई। इसके बाद पूर्व भारतीय कप्तान कृष्णमाचारी श्रीकांत ने रिंकू सिंह पर सवाल उठाए और कहा कि केकेआर इस खिलाड़ी पर जरूरत से ज्यादा भरोसा कर रही है जो अभी तक उस पर खरा नहीं उतरा।

अपने यूट्यूब शो पर बात करते हुए श्रीकांत ने कहा, “रिंकू सिंह कोई विस्फोटक बल्लेबाज नहीं हैं। उन्होंने काफी समय पहले पांच गेंदों पर पांच छक्के मारे थे और हम आज तक उसी की बात करते रहते हैं। स्ट्राइक रोटेट करने में वो ठीक हैं, लेकिन जब रन रेट 10-12 के ऊपर जाए तो वो नहीं कर पाते।”

श्रीकांत ने यह भी कहा कि रिंकू नंबर पांच पर लंबी पारी खेलने के लिए सही विकल्प नहीं हैं। “वो नंबर सात के फिनिशर हैं। जब पांच ओवर में 50 रन चाहिए हों तब वो काम आ सकते हैं। नंबर पांच पर पारी बनाने की जिम्मेदारी रिंकू को नहीं देनी चाहिए, यह काम नहीं करेगा।” उन्होंने यह भी जोड़ा कि राष्ट्रीय टीम में भी रिंकू फिनिशर की भूमिका में ही खेले हैं।

मैच में भी फिसड्डी साबित हुए रिंकू

मंगलवार के मैच में रिंकू 10वें ओवर में 79/3 के स्कोर पर उतरे। अंग्रिकृष रघुवंशी 27 रन बनाकर आउट हो चुके थे और कप्तान अजिंक्य रहाणे भी संघर्ष कर रहे थे। ऐसे में रिंकू से तेजी की उम्मीद थी, लेकिन वो नूर अहमद की गेंद पर 12 गेंदों में सिर्फ 6 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद केकेआर 90/6 तक लुढ़क गई। रोवमान पॉवेल ने 31 और रमनदीप सिंह ने 35 रन बनाए और दोनों ने 63 रनों की साझेदारी की, लेकिन यह सिर्फ हार का अंतर कम कर सकी।

2023 में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ यश दयाल को एक ओवर में पांच छक्के मारकर रिंकू रातोंरात सुर्खियों में आए थे। उस सीजन में उन्होंने 14 मैचों में 474 रन बनाए थे। लेकिन उसके बाद से वो कभी 220 रन का आंकड़ा भी नहीं छू पाए। आईपीएल 2026 में पांच मैचों में सिर्फ 78 रन, यह आंकड़ा बताता है कि कहीं न कहीं कुछ गड़बड़ है।

फिन एलन का भी वक्त आ गया?

श्रीकांत ने केकेआर के न्यूजीलैंड ओपनर फिन एलन पर भी सवाल उठाए। टी20 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन के बाद एलन इस सीजन में पांच मैचों में सिर्फ 81 रन बना पाए हैं। वो बार-बार लेग साइड पर शॉट मारने की कोशिश में टॉप एज और आउटसाइड एज की वजह से आउट हो रहे हैं।

श्रीकांत ने कहा, “इस टीम में अंग्रिकृष रघुवंशी को छोड़ दें तो किसी बल्लेबाज ने इरादा नहीं दिखाया। फिन एलन को यहीं असर दिखाना चाहिए, लेकिन वो सबसे ज्यादा संघर्ष कर रहे हैं। पांचों मैचों में एक जैसे शॉट खेलकर आउट हो रहे हैं। मुझे लगता है उनका वक्त खत्म हो गया। टिम साइफर्ट उनकी जगह लेंगे।”

पांच मैचों में एक भी जीत नहीं, अंक तालिका में सबसे नीचे, कप्तान रहाणे और उप-कप्तान रिंकू दोनों फेल। KKR के लिए हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं। शुक्रवार को अहमदाबाद में गुजरात टाइटंस और रविवार को घर पर राजस्थान रॉयल्स से मुकाबला है। वक्त कम है और बदलाव की अभी जरूरत है।

​Sports – Patrika | CMS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *