जयपुर में IPL मैच से पहले एक्शन मोड में कलक्टर, RR-BCCI सहित स्पोर्ट्स काउंसिल को दिए सख्त निर्देश

जयपुर में IPL मैच से पहले एक्शन मोड में कलक्टर, RR-BCCI सहित स्पोर्ट्स काउंसिल को दिए सख्त निर्देश

जयपुर। जयपुर के जिला कलक्टर संदेश नायक ने राज्य मानवाधिकार आयोग की ओर से इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के जयपुर में होने वाले मैचों के संबंध में दिए गए निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। संदेश नायक ने आयोग की ओर से आईपीएल 2026 के आयोजन के संबंध में दिए गए निर्देशों तथा जयपुर में आईपीएल के आयोजन के दौरान दर्शकों की सुरक्षा सहित आयोजन से जुड़े सभी इंतजामों के लिए समस्त निर्धारित मानकों की पालना सुनिश्चित करने के संबंध में उनकी अध्यक्षता में बुधवार को आयोजित बैठक में यह निर्देश दिए।

यह वीडियो भी देखें

यह निर्देश दिए

उन्होंने आयोग की ओर से आईपीएल 2026 के आयोजन के संबंध में दिए गए निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करने के निर्देश राजस्थान रॉयल्स के प्रबंधक, राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद एवं बीसीसीआई के प्रतिनिधियों को दिए। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, अवयस्क बच्चों और नन्हें बालकों के लिए यथायोग्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने, दिव्यांगों के लिए दर्शक दीर्घा तक पहुंचने के लिए पृथक से रैम्प की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

साथ ही दिव्यांगों के लिए शौचालयों की व्यवस्था करने, पश्चिम ब्लॉक क्षेत्र में दिव्यांग एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए रैम्प की व्यवस्था करने, उचित मूल्य पर मैच टिकट उपलब्धता सुनिश्चित करने, सुरक्षा की दृष्टि से आकस्मिक आपात व्यवस्था सुनिश्चित करने और दिन के समय आयोजित होने वाले मैचों में दर्शकों के लिए निशुल्क पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित विभागीय अधिकारियों को दिए।

खाद्य सामग्रियों की गुणवत्ता जांच हो

जिला रसद अधिकारी एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को मैच के आयोजन के दौरान परोसे जाने वाले भोजन एवं अन्य खाद्य सामग्रियों की गुणवत्ता जांच करने तथा अस्थाई रसोइयों में साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया गया। बैठक में जिला कलक्टर ने सभी विभागों के अधिकारियों को आपसी सहयोग एवं समन्वय स्थापित करते हुए सुरक्षा एवं बचाव की प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने तथा क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

एंबुलेंस मय प्रशिक्षित चिकित्सकीय दल की तैनाती हो

जिला कलक्टर ने अधिकारियों को स्टेडियम में एंबुलेंस मय प्रशिक्षित चिकित्सकीय दल की तैनाती करने, अलग-अलग स्थानों पर मेडिकल कियोस्क स्थापित करने, स्वच्छता व्यवस्था एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। सुरक्षा की दृष्टि से दर्शकों की सघन तलाशी करने, आयोजन स्थल पर पर्याप्त मात्रा में अग्निशमन वाहनों एवं यंत्रों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, दिव्यांगों के दर्शक दीर्घा तक पहुंचने के लिए पृथक से रैम्प एवं शौचालय की व्यवस्था करने के लिए कहा है।

साथ ही आईपीएल के दौरान भीड़ नियंत्रण, आपात स्थिति में बचाव कार्य सहित अन्य आवश्यक व्यवस्था बनाए रखने के लिए चप्पे-चप्पे पर आवश्यकतानुसार डीआरटी टीम मय महिला स्वयंसेवक, सुरक्षा गार्डों तथा नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों की तैनाती करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने अधिकारियों को संपूर्ण आयोजन के लिए नियंत्रण कक्ष की स्थापना करने, यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने सहित अन्य समस्त आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने के लिए भी संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *