लुधियाना में भाजपा नेता व राष्ट्रीय सामाजिक रक्षा संस्थान के सदस्य सुखविंदर सिंह बिंद्रा को धमकी मिली है कि पांच करोड़ रुपए दे दे नहीं तो तुझे मार देंगे। भाजपा नेता ने इसकी शिकायत थाना दुगरी में दर्ज करवा दी। सुखविंदर सिंह बिंद्रा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वो घर पर नहीं थे तो किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके घर के गेट पर एक बोतल टांगी थी जिससे पेट्रोल की गंध आ रही थी। उसके साथ एक लेटर भी रखा था जिस पर लिखा था कि हमें पांच करोड़ रुपए दे दे नहीं तो मार देंगे। लेटर में लिखा था कि हम तुझे फोलो कर रहे हैं। सुखविंदर सिंह बिंद्रा के घर के बाहर बोतल व लेटर मिलने से लोग दहशत में हैं। बिंद्रा का कहना है कि इस बोतल में कोई संदिग्ध और हानिकारक तरल पदार्थ होने का संदेह है, जिसका उद्देश्य उन्हें और उनके परिवार को मानसिक रूप से प्रताड़ित करना और डराना है। सुखविंदर बिंद्रा का कहना है कि इस तरह की धमकी और रंगदारी मांगने की शिकायत उन्होंने तुरंत पुलिस को दी है। पुलिस ने थाना दुगरी में अज्ञात लोगों के खिलाफ पर्चा दर्ज कर दिया है। उधर पुलिस ने अब सुखविंदर बिंद्रा के घर के आसपास सीसीटीवी कैमरे खंगालने शुरू कर दिए हैं। पहले भी मिली हैं बिंद्रा को धमकियां सुखविंदर सिंह बिंद्रा का कहना है कि धमकी मिलने का यह कोई पहला मामला नहीं है। पिछले 4-5 वर्षों के दौरान उन्हें लगातार धमकी भरे फोन कॉल और फिरौती के पत्र मिलते रहे हैं। बार-बार इस तरह की घटनाओं से परिवार की सुरक्षा पर सवालिया निशान खड़े हो गए हैं। बिंद्रा ने बताया कि उन्हें पहले भी कई बार निशाना बनाने की कोशिश की जा चुकी है, लेकिन इस बार घर के बाहर संदिग्ध सामान छोड़कर सीधा हमला करने का संकेत दिया गया है।


