UP Politics: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज गोरखपुर में हैं। उन्होंने गोरखनाथ मंदिर क्षेत्र की सुरक्षा के लिए बने नए सुरक्षा भवनों का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने पुलिस व्यवस्था को मजबूत बनाने पर जोर देते हुए कहा कि अब कोई थाने पर हमला नहीं कर सकता। सीएम योगी ने कहा कि थानों में अलग से बैरक बनाई गई हैं। हर समय वहां पुलिस जवान तैनात रहते हैं। अगर कोई सुरक्षा में सेंध लगाने की कोशिश करेगा, तो उसका काम तमाम कर दिया जाएगा। अब अपराधी पुलिस पर हमला करने की हिम्मत नहीं करेंगे।
पुलिस भर्ती और सुधार
2017 में जब योगी सरकार सत्ता में आई थी, तब यूपी पुलिस में आधे से ज्यादा पद खाली थे। पिछले 9 साल में सरकार ने 2 लाख 19 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की भर्ती की है। इससे पुलिस बल काफी मजबूत हुआ है।
नए सुरक्षा भवनों की जानकारी
इन दोनों भवनों को बनाने पर 9 करोड़ 18 लाख रुपये की लागत आई है। दोनों भवन एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं। इनमें स्टिल्ट प्लस 4 तल हैं। यहां अपर पुलिस अधीक्षक और पुलिस उपाधीक्षक के कार्यालय, कंट्रोल रूम, पुलिस स्टोर रूम और मेंटेनेंस वर्कशॉप बनाए गए हैं। सीएम ने बताया कि इस भवन में 100 पुलिस कर्मी और अधिकारी एक साथ ठहर सकते हैं। यहां हर तरह की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 55 जिलों में ऐसी ऊंची इमारतें बनाई जा रही हैं। पहले शिकायत आती थी कि पुलिस वाले मकान कब्जा कर लेते हैं, लेकिन असल में उनकी आवासीय समस्या होती थी।
ट्रेनिंग और सुविधाओं पर जोर
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सुशासन की पहली शर्त है सुरक्षा। इसके लिए सिर्फ भर्ती काफी नहीं है। पुलिसकर्मियों की अच्छी ट्रेनिंग जरूरी है। 2017 में ट्रेनिंग की क्षमता सिर्फ 3 हजार थी, अब 60 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मियों की ट्रेनिंग एक साथ हो रही है। राज्य वही है, लेकिन अब सुविधाएं 200 गुना बढ़ गई हैं। हर पुलिस लाइन में 200 कर्मियों के लिए आवासीय सुविधा दी गई है। थाने का बेहतर मॉडल गोरखनाथ थाने में देखा जा सकता है। फायर टेंडर के लिए भी नई बिल्डिंग तेजी से बन रही हैं। अच्छी सुविधाओं से पुलिस की कार्यक्षमता बढ़ी है और सुरक्षा का मजबूत मॉडल तैयार हुआ है।


