The Jazz Singer के प्रीमियर से 6 October को सिनेमा में गूंजी थी पहली आवाज

The Jazz Singer के प्रीमियर से 6 October को सिनेमा में गूंजी थी पहली आवाज

नयी दिल्ली, छह अक्टूबर अमेरिकी सिनेमा के इतिहास में छह अक्टूबर की तारीख की अपनी एक खास अहमियत है। दरअसल, 1927 में छह अक्टूबर के दिन ही अमेरिका के मूक सिनेमा ने बोलना सीखा। यह वह दिन था, जब देश की पहली बोलती फिल्म ‘द जैज सिंगर’ का न्यूयार्क में प्रीमियर हुआ।
द जैज़ सिंगर दुनिया की पहली ऐसी फीचर-लेंथ फिल्म थी जिसमें सिंक्रोनाइज्ड साउंड और संवाद का इस्तेमाल किया गया था। इस ऐतिहासिक फिल्म में मशहूर जैज़ गायक अल जोल्सन ने मुख्य भूमिका निभाई थी। जब अल जोल्सन स्क्रीन पर दिखाई दिए, तो फिल्म देखने वाले उनकी असली आवाज सुनकर और यह देखकर चकित रह गए कि यह उनकी प्रोजेक्टेड छवि के साथ पूरी तरह से मेल खाती है।
सिनेमा की बात हो तो भारत का जिक्र होना लाजिमी है। भारत में 14 मार्च 1931 को मूक सिनेमा को आवाज मिली थी। इसी दिन मुंबई के मैजेस्टिक सिनेमा हॉल में भारत की पहली बोलती फिल्म आलम आरा रिलीज हुई थी। इसका निर्देशन और निर्माण अर्देशिर ईरानी ने किया था। इस फिल्म का कोई प्रिंट या ग्रामोफोन रिकॉर्डिंग उपलब्ध नहीं है लेकिन इसके स्टिल्स और पोस्टर जैसे अवशेष मौजूद हैं। 2017 में, ब्रिटिश फिल्म इंस्टीट्यूट ने इसे भारत में निर्मित सभी लुप्त फिल्मों में सबसे महत्वपूर्ण घोषित किया।

देश-दुनिया के इतिहास में छह अक्टूबर की तारीख पर दर्ज अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:-
1927 : न्यूयॉर्क शहर में रिलीज हुई द जैज़ सिंगर दुनिया की पहली ऐसी फीचर-लेंथ फिल्म थी जिसमें सिंक्रोनाइज्ड साउंड और संवाद का इस्तेमाल किया गया था।
1949 : तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने खडगवासला में राष्ट्रीय रक्षा अकादमी की आधारशिला रखी।
1957 : सोवियत संघ ने नोवाया जेमल्या में परमाणु परीक्षण किया।
1972 : मेक्सिको में लगभग 2,000 तीर्थयात्रियों को ले जा रही 22 डिब्बों वाली एक भारी ट्रेन पटरी से उतर गई जिससे ट्रेन में सवार 230 से अधिक लोगों की मौत हो गई और 1000 से अधिक लोग घायल हो गए।
1976 : थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक स्थित थम्मासाथ यूनिवर्सिटी में वामपंथी छात्रों ने पूर्व सैन्य तानाशाह थानोम कित्तिकाचोरन की देश वापसी का विरोध किया और इस दौरान भड़की हिंसा में 46 से अधिक छात्र मारे गए।
1981 : मिस्र के सैन्य अधिकारी और 1970 से देश की सत्ता पर काबिज मोहम्मद अनवर अल सादत की हत्या कर दी गई। उन्होंने इजराइल के साथ गंभीर शांति वार्ता के लिए प्रयास किए और उनकी इस उपलब्धि पर उन्हें इजराइल के प्रधानमंत्री के साथ संयुक्त रूप से नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
1982 : ईरान की राजधानी तेहरान में एक भयंकर बम विस्फोट हुआ, जिसमें लगभग 60 लोग मारे गए और 700 से अधिक घायल हो गए।
2000 : जापान के साकाइमिनातो के निकट 7.3 तीव्रता का भूकंप। यह कोबा में 1995 में आए भूकंप के बाद का सबसे ताकतवर भूकंप का झटका था, लेकिन इससे हुआ नुकसान अपेक्षाकृत काफी कम रहा, क्योंकि इसका केन्द्र बिंदु गैर रिहायशी इलाकों में था।
2006 : संयुक्त राष्ट्र ने लेबनान में शांति रक्षकों को बल प्रयोग का अधिकार दिया।
2007 : जेसन लुईस ने अपने बूते पूरी दुनिया की परिक्रमा पूरी की। जहाज से लगाई गई इस परिक्रमा को पूरा होने में 13 वर्ष का समय लगा। उन्होंने अपनी यात्रा जुलाई 1994 से लंदन के ग्रीनविच से शुरू की थी।
2010 : दक्षिण कोरिया और यूरोपीय संघ के बीच मुक्त व्यापार समझौता।
2011 : तुहोकू भूकंप और सुनामी के बाद क्षतिग्रस्त हुए जापानी संयंत्रों में सामान्य कामकाज दोबारा शुरू हुआ।
2013 : मिस्र में योम किप्पुर युद्ध की 40वीं वर्षगांठ के दौरान पूर्व राष्ट्रपति मोहम्मद मुर्सी के समर्थकों, विरोधियों और सुरक्षा बलों के बीच भीषण झड़पें हुईं, जिनमें 53 लोगों की मौत हो गई और सैकड़ों लोग घायल हुए। योम किप्पुर युद्ध में मिस्र ने स्वेज नहर पार की थी।
2016 : सीरिया-तुर्की सीमा के पास इदलिब प्रांत के अत्मे में एक जोरदार बम विस्फोट हुआ, जिसमें 29 लोग मारे गए।
2018 : लोकतांत्रिक गणराज्य कांगो के किसांतु शहर के पास म्बुबा गांव में एक तेल टैंकर और दूसरे वाहन की टक्कर से भीषण आग लग गई थी, जिसमें 60 से अधिक लोगों की मौत हो गई और 100 से अधिक लोग गंभीर रूप से झुलस गए थे।
2020 : तुर्की समर्थित विपक्षी लड़ाकों के नियंत्रण वाले उत्तरी सीरिया के अलेप्पो अल-बाब शहर में विस्फोटक से लदे ट्रक में किए गए विस्फोट में 14 लोगों की मौत, दर्जनों अन्य घायल।
2021 : रूस में कोरोना वायरस के संक्रमण से एक दिन में 900 से अधिक लोगों की मौत।
2022 : थाईलैंड में पूर्व पुलिस कर्मी ने ‘डे केयर सेंटर’ पर हमला किया, 36 लोगों की मौत।
2023 : ईरान में महिलाओं के उत्पीड़न के खिलाफ लड़ाई के लिए नरगिस मोहम्मदी को 2023 का नोबेल शांति पुरस्कार दिया गया।
2024 : गाजा पट्टी की एक मस्जिद पर इजराइली हवाई हमले में 19 लोगों की मौत।
2025 : जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर के आईसीयू में भीषण आग लगने से गंभीर रूप से बीमार छह मरीजों की मौत।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *