भोपाल में आयोजित अनुसूचित जाति विभाग की बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने पीसीसी अध्यक्ष जीतू पटवारी की कार्यशैली और दिल्ली में पकड़ को लेकर व्यंगात्मक लहजे में तंज कसा। दिग्विजय ने संगठन में कुछ विशेष जातियों की अनदेखी का मुद्दा उठाते हुए पटवारी को उनके ‘पावर’ की याद दिलाई। बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश प्रभारी भगवती प्रसाद अहिरवार, पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल और पूर्व मंत्री सुरेंद्र चौधरी मौजूद थे। दिग्विजय सिंह ने कहा- संगठन के स्वरूप पर ध्यान देने की आवश्यकता है। आज बहुत सारे लोगों ने मुझे बताया कि बाल्मीकि और बसोर समाज का प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अंदर कोई सदस्य नहीं हैं। जीतू भाई आप तो अपॉइंट कर दो। केसी के सबसे प्रिय हो जीतू केसी वेणुगोपाल से आप जो कहोगे वो लिखवाकर ले आओगे। हमको आप पर भरोसा है। जितने प्रिय आप केसी वेणुगोपाल के हो पीसीसी प्रेसिडेंट पूरे देश में नहीं मिलेगा। आपका कहा कोई टालता है क्या? यहां राजेन्द्र गौतम बैठे हैं कभी इन्होंने आपकी बात टाली है क्या? दिग्विजय ने आगे फिर कहा- एआईसीसी में आपकी जो पकड़ है, हम लोगों की थोड़ी न है। अभी बहुत सारे प्रदेश पदाधिकारी हैं। इन वर्गों के सदस्यों को जोड़ दो। जीतू बोले:चेला तो आपका हूं इस बीच दिग्विजय सिंह से जीतू पटवारी ने कहा सर चेला तो आप ही का हूं। फिर दिग्विजय सिंह बोले: हां चेला हो, लेकिन गुरु रह गए गुड़ और चेला हो गया शक्कर। 2028 का लक्ष्य और सामाजिक न्याय का संकल्प बैठक में पीसीसी अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा अनुसूचित जाति विभाग कांग्रेस का मुख्य स्तंभ है और इसे बूथ स्तर तक सशक्त बनाकर 2028 के विधानसभा चुनावों की नींव तैयार करनी होगी। मुख्य अतिथि राजेंद्र पाल गौतम ने संविधान की रक्षा को सामूहिक जिम्मेदारी बताया, जबकि विभाग के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप अहिरवार ने घोषणा की कि आगामी समय में प्रदेश भर में ‘संविधान बचाओ’ और ‘सामाजिक न्याय संवाद’ जैसे कार्यक्रम आयोजित कर समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच बनाई जाएगी।


