काशीपुर-ठाकुरद्वारा हाईवे पर स्थित पशुपति एक्रीलोन फैक्ट्री परिसर में सोमवार सुबह 9:30 बजे के करीब एक तेंदुआ पिंजरे में कैद हो गया। यह तेंदुआ पिछले कई दिनों से फैक्ट्री में घूम रहा था, जिससे परिसर और आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल था। यह दूसरी बार है जब इस फैक्ट्री से तेंदुआ पकड़ा गया है; इससे पहले भी एक चार साल का तेंदुआ पिंजरे में कैद हुआ था। वन क्षेत्र अधिकारी रवि कुमार गंगवार ने बताया कि फैक्ट्री परिसर में तेंदुए की गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद उच्च अधिकारियों से अनुमति लेकर वहां पिंजरा लगाया गया था। तेंदुए को आकर्षित करने के लिए पिंजरे में एक कुत्ता बांधा गया था, जो पूरी तरह सुरक्षित है। सोमवार को तेंदुआ शिकार की तलाश में पिंजरे में घुस गया और कैद हो गया। तेंदुआ पकड़े जाने के बाद फैक्ट्री परिसर और आसपास के लोगों ने राहत की सांस ली है। अब वन विभाग उच्च अधिकारियों के निर्देशानुसार तेंदुए को जंगल में छोड़ने की तैयारी कर रहा है।


