एमपी में अमानवीयता की हद, महिला का सिर मुंडवाया, पति को कंधे पर बैठाकर घुमाया

एमपी में अमानवीयता की हद, महिला का सिर मुंडवाया, पति को कंधे पर बैठाकर घुमाया

MP News: मध्यप्रदेश के झाबुआ जिले से एक बार फिर अमानवीयता का मामला सामने आया है। घटना जिले के काकनवानी थाना क्षेत्र के ग्राम बालवासा की है। यहां एक महिला को कथित ‘कबीलाई सजा’ दी गई। महिला के किसी अन्य पुरुष के साथ भाग जाने के बाद लौटकर आने पर पति और ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके साथ न केवल मारपीट की, बल्कि उसे अपमानित करते हुए उसके कंधे पर उसके पति को बैठाकर गांव में घुमाया और सिर मुंडवा दिया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई और मामले में त्वरित कार्रवाई की गई।

jhabua news

महिला के साथ अमानवीयता की हद

पीडि़ता के अनुसार, उसकी शादी करीब 12 वर्ष पहले बालवासा निवासी दिलीप भूरिया से हुई थी और उसके दो बच्चे हैं। ससुराल में लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर वो कुछ दिन पहले अपनी मर्जी से दूसरे व्यक्ति के साथ चली गई थी। बाद में समाज की बैठक में उसे वापस पति के पास भेज दिया गया। पीड़िता ने बताया कि वापस आने के बाद पति दिलीप, ससुर बाबू भूरिया और अन्य परिजनों ने मिलकर रात में उसके साथ मारपीट की। उसे मजबूर किया गया कि वह अपने पति को कंधे पर बैठाकर गांव में घुमाए। इस दौरान आरोपियों ने लाठियों से उसकी पिटाई की, जिससे उसके शरीर पर कई चोटें आईं। इसके बाद उसके बाल काट दिए गए और कपड़े फाड़कर सार्वजनिक रूप से अपमानित किया गया। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी गई।

jhabua hindi news

वायरल वीडियो से हरकत में आई पुलिस

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। एसपी डॉ. शिवदयाल सिंह ने तत्काल संज्ञान लेते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए। काकनवानी थाना पुलिस ने 11 नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी पति दिलीप भूरिया, ससुर बाबू भूरिया सहित शैलेष भूरिया और सूर्या डामोर को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दी जा रही है। एसपी डॉ. शिवदयाल सिंह ने कहा है कि महिला के साथ हुई यह घटना अत्यंत निंदनीय है और समाज में इस प्रकार की बर्बरता का कोई स्थान नहीं है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है और चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। शेष आरोपी अभी फरार हैं और उन्हें पकड़ने के लिए भी दबिश जा रही है जल्द ही शेष आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *