मंदिरों में चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार:दानपेटी की नकदी, पूजा सामग्री चुराई; शेखों के मोहल्ले का युवक निकला

मंदिरों में चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार:दानपेटी की नकदी, पूजा सामग्री चुराई; शेखों के मोहल्ले का युवक निकला

दतिया शहर में पिछले कई महीनों से मंदिरों में लगातार हो रही चोरी की वारदातों का पुलिस ने गुरुवार को खुलासा कर दिया है। कोतवाली पुलिस ने एक ऐसे शातिर युवक को गिरफ्तार किया है, जो रात के अंधेरे में मंदिरों को निशाना बनाकर दानपेटी की नकदी और पूजा में इस्तेमाल होने वाला सामान चोरी कर रहा था। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद चोरी गया सामान और नकदी भी बरामद कर ली गई है। पकड़ा गया आरोपी राहुल पटवा निवासी शेखों का मोहल्ला बताया गया है। पुलिस पूछताछ में उसने शहर के अलग-अलग मंदिरों में चोरी की वारदातें कबूल की हैं। आरोपी ने मंशापूर्ण हनुमान मंदिर (खिन्नी के हनुमानजी), बनवासीराम मंदिर, चामुंडा देवी मंदिर और बीजासेन मंदिर में चोरी करना स्वीकार किया है। जानकारी के अनुसार, दिसंबर 2025 में हड़ा पहाड़ स्थित मंशापूर्ण हनुमानजी मंदिर और बनवासीराम मंदिर में चोरी की घटना सामने आई थी। इसके बाद अप्रैल 2026 में हड़ा पड़ाव के पास चामुंडा देवी मंदिर और 10 मई को रिछरा फाटक स्थित बीजासेन मंदिर में भी चोरी हुई। लगातार मंदिरों में हो रही वारदातों से लोगों में नाराजगी बढ़ रही थी। आरोपी ने वारदातें कबूलीं
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाले। साइबर सेल और मुखबिर तंत्र की मदद से एक संदिग्ध युवक की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस टीम ने दबिश देकर राहुल पटवा को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने एक-एक कर सभी वारदातें उगल दीं। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गया मंदिर का सामान और नकदी बरामद कर ली है। बताया गया है कि आरोपी पहले भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है। फिलहाल उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *