सिवनी जिले में भीषण गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। रविवार को अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री दर्ज किया गया, जिससे जनजीवन प्रभावित रहा। सुबह से ही तेज धूप ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया था, और दोपहर तक सूरज की तपिश और तीखी हो गई। सोमवार सुबह मौसम में हल्का बदलाव देखा गया। आसमान में बादल छाए रहने से धूप से थोड़ी राहत मिली, लेकिन उमस भरी गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान में और वृद्धि की संभावना जताई है। बादलों के छटने के बाद गर्मी फिर से तेज हो सकती है। घरों की छत पर पक्षियों के लिए पानी रखें बढ़ती गर्मी का असर केवल मनुष्यों पर ही नहीं, बल्कि पशु-पक्षियों पर भी दिख रहा है। विशेषज्ञों ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने घरों की छत, आंगन या बालकनी में पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था करें और पालतू जानवरों को छाया में रखकर पर्याप्त पानी उपलब्ध कराएं। जिले में दिन का तापमान लगातार 40 डिग्री के आसपास बना हुआ है, जिससे लू लगने का खतरा बढ़ गया है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। विशेष रूप से दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने को कहा गया है। बाहर निकलने से पहले गमछे, सूती कपड़े पहने यदि बाहर निकलना आवश्यक हो, तो छाता, टोपी या गमछे का उपयोग करें और हल्के सूती कपड़े पहनें। पानी की बोतल साथ रखें और नियमित अंतराल पर पानी पीते रहें। नींबू पानी, छाछ, ओआरएस या ग्लूकोज युक्त पेय का सेवन फायदेमंद बताया गया है, जबकि अत्यधिक ठंडे पेय और मीठी चीजों से बचने की सलाह दी गई है। विशेषज्ञों के अनुसार, इस भीषण गर्मी के दौरान घर के अंदर रहना ही सबसे सुरक्षित उपाय है। आने वाले दिनों में तापमान में और वृद्धि की संभावना को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता है।


