Tamil Nadu Politics: विधानसभा चुनाव में मिली हार के बाद AIADMK में बवाल, विधायक दल के नेता को लेकर दो धड़ों में बंटी पार्टी

Tamil Nadu Politics: विधानसभा चुनाव में मिली हार के बाद AIADMK में बवाल, विधायक दल के नेता को लेकर दो धड़ों में बंटी पार्टी

Tamil Nadu Politics: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में मिली हार के बाद AIADMK दो गुटों में बंटता हुआ नजर आ रहा है। विधायक दल के नेता को लेकर पार्टी में दो गुट हो गए है। एक गुट पार्टी महासचिव एडप्पादी के पलानीस्वामी के समर्थन में है, जबकि दूसरा गुट पूर्व मंत्रियों एस पी वेलुमणि और सी वी शनमुगम के पक्ष में खड़ा दिखाई दे रहा है। दोनों गुटों ने सोमवार को प्रोटेम स्पीकर एम वी करुप्पैया को अलग-अलग पत्र सौंप दिए। इसके बाद प्रदेश में राजनीतिक हलचल भी तेज हो गई है। 

हालांकि अब विधानसभा में होने वाले फ्लोर टेस्ट और स्पीकर-डिप्टी स्पीकर के चुनाव से साफ हो जाएगा कि आखिर पार्टी में किस गुट के पास बहुमत है।

प्रोटेम स्पीकर को सौंपा पत्र

बता दें कि सोमवार को नव-निर्वाचित विधायकों के शपथ ग्रहण के बाद 17 विधायकों के समूह ने प्रोटेम स्पीकर से मुलाकात की और पलानीस्वामी को विधायक दल का नेता चुने जाने की जानकारी दी। 

हालांकि बाद में एआईएडीएमके की ओर से बयान जारी किया गया और बताया गया कि विधायक दल के डिप्टी लीडर, व्हिप, डिप्टी व्हिप, कोषाध्यक्ष, सचिव और डिप्टी सचिव के नाम भी तय कर दिए गए हैं।

वहीं पलानीस्वामी समर्थकों का दावा है कि उनके पास 27 विधायकों का समर्थन है। पार्टी मुख्यालय ने एक तस्वीर भी जारी की, जिसमें पलानीस्वामी 22 विधायकों के साथ बैठक करते नजर आए। दावा किया गया कि पांच और विधायकों ने उन्हें समर्थन दिया है। पार्टी में टूट की अटकलों पर पलानीस्वामी ने कहा कि यह गलत जानकारी है।

पलानीस्वामी के समर्थन में ओ एस मणियन, थलावई एन सुंदरम, के सी करुप्पन्नन, मरागथम कुमारावेल और एग्री एस एस कृष्णमूर्ति जैसे नेता बताए जा रहे हैं।

वेलुमणि और शन्मुगम समर्थकों ने भी सौंपा पत्र

वहीं शाम करीब 6:15 बजे वेलुमणि और शन्मुगम समर्थक विधायक भी प्रोटेम स्पीकर से मिले। उन्होंने एक पत्र सौंपकर दावा किया कि 9 मई को हुई बैठक में बहुमत के आधार पर वेलुमणि को विधायक दल का नेता चुना गया है। साथ ही पूर्व मंत्री सी विजय भास्कर को 10 मई को पार्टी का व्हिप चुने जाने की जानकारी भी दी गई।

हालांकि पार्टी में चल रही खींचतान को लेकर शन्मुगम ने मीडिया से जानकारी साझा करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि थोड़ा इंतजार कीजिए, सब साफ हो जाएगा। 

बता दें कि वेलुमणि-शन्मुगम गुट के समर्थन में नथम आर विश्वनाथन, आर कामराज, अरुणमोझीथेवन, के वी वीरमणि और के पी अंबाझगन जैसे नेता बताए जा रहे हैं।

बैठकों का दौर जारी

पार्टी में विधायक दल के नेता को लेकर हुई खींचतान के बाद दोनों गुटों की लगातार बैठक हो रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक शन्मुगम समर्थक विधायक विजय सरकार को समर्थन देने के पक्ष में हैं, हालांकि इस पर खुलकर कुछ नहीं कहा गया। नेताओं ने इसको लेकर कहा कि सिर्फ इंतजार किजिए और देखिए। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *