डिंडीगुल। तमिलनाडु के वडमदुरै के पास कोल्लपट्टी समत्वपुरम के कनवाय मेडु इलाके में रविवार को दर्दनाक हादसा हुआ। जानकारी के अनुसार 60 वर्षीय अंजम्माल इलाके में बकरियां चराने गई थीं। उसी दौरान उनके रिश्तेदारों के चार बच्चे सड़क किनारे खेल रहे थे। इनमें नागराज की बेटियां योगवर्षिनी (11) और अनन्या (6), जगदीशन की बेटी धनुश्री (5) तथा चिन्नथंबी का बेटा मोसिकरन (6) शामिल थे। इसी दौरान वहां से गुजर रही दूध सप्लाई करने वाली वैन ने चारों बच्चों को टक्कर मार दी।
चारों ने मौके पर ही दम तोड़ा
टक्कर इतनी तेज थी कि सभी बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। चारों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसा होते देख अंजम्माल सदमे में बेहोश हो गईं। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही वडमुरै पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे की जानकारी जुटाई।
पुलिस ने चारों बच्चों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डिंडीगुल सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। हादसे के बाद इलाके में बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। बच्चों की मौत की खबर मिलते ही उनके परिवारों में मातम छा गया। स्थानीय लोगों में भी घटना को लेकर नाराजगी और दुख है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। हादसे के बाद वैन चालक मौके से भाग गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
पेरियापालयम में ऑटो-लारी की टक्कर, तीन की मौत
दूसरा हादसा पेरियापालयम के पास हुआ। यहां मंदिर के दर्शन के लिए जा रहे एक परिवार का ऑटो लारी से टकरा गया। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। जानकारी के अनुसार कोडंगयूर निवासी ऑटो चालक लोगनाथन (42) अपनी पत्नी पूंगकोडी (39), बेटी धनलक्ष्मी (10), सास राधा (65) तथा रिश्तेदारों के बच्चों गोकुल (10) और प्रशांत (15) के साथ पेरियापालयम मंदिर के दर्शन के लिए निकले थे। पनपाक्कम के पास बस स्टॉप के नजदीक पहुंचने पर उनका ऑटो आगे चल रही लारी से टकरा गया। टक्कर के बाद ऑटो पलट गया और उसमें सवार सभी लोग घायल हो गए।
एक की मौके पर मौत
हादसे में पूंगकोडी की मौके पर ही मौत हो गई। बाकी पांच घायलों को तुरंत पेरियापालयम के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां इलाज के दौरान राधा और गोकुल ने भी दम तोड़ दिया। शेष तीन घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद तिरुवल्लूर सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया। तीनों की हालत गंभीर बताई जा रही है और उन्हें गहन चिकित्सा में रखा गया है। पेरियापालयम पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए तिरुवल्लूर सरकारी अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

