सनटेक रियल्टी लिमिटेड का चालू वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 17 प्रतिशत बढ़कर 57.11 करोड़ रुपये रहा। कंपनी का शुद्ध लाभ वित्त वर्ष 2025-26 की दूसरी (जुलाई-सितंबर) तिमाही में 48.96 करोड़ रुपये था। रियल एस्टेट कंपनी ने सोमवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि वित्त वर्ष 2026-27 की जुलाई-सितंबर तिमाही में कंपनी की कुल आय 27 प्रतिशत बढ़कर 333.82 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में 262.16 करोड़ रुपये थी।
चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही (अप्रैल-सितंबर) में कंपनी का शुद्ध लाभ बढ़कर 99.07 करोड़ रुपये हो गया, जो एक साल पहले की समान अवधि में 82.39 करोड़ रुपये था। अप्रैल-सितंबर अवधि में कंपनी की कुल आय बढ़कर 535.85 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले साल की समान अवधि में 463.69 करोड़ रुपये थी। परिचालन के मोर्चे पर, सनटेक रियल्टी ने बताया कि दूसरी तिमाही में उसकी पूर्व-बिक्री 17 प्रतिशत बढ़कर 824 करोड़ रुपये रही।
वहीं, चालू वित्त वर्ष के पहले छह महीनों में पूर्व-बिक्री 19 प्रतिशत बढ़कर 1,611 करोड़ रुपये हो गई। मुंबई स्थित सनटेक रियल्टी देश की प्रमुख रियल एस्टेट कंपनियों में से एक है।

