अयोध्या में पिछले दो दिनों से मौसम साफ रहने के बाद अब तेज और उमस भरी गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। दिन चढ़ते ही धूप तीखी हो रही है और गर्म हवाओं के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो रहा है। बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर दोपहर के समय लोगों की आवाजाही भी कम दिखाई दे रही है।
आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. अमरनाथ मिश्रा के अनुसार सोमवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.3 डिग्री कम रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.9 डिग्री अधिक है। अधिकतम सापेक्षिक आर्द्रता 85 प्रतिशत तथा न्यूनतम 46 प्रतिशत दर्ज की गई। हवा की गति लगभग 9 किलोमीटर प्रति घंटा रही और हवा दक्षिण-पूर्वी दिशा से चली। बीते 24 घंटे में वर्षा नहीं हुई।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक आगामी 24 घंटों में पूर्वी उत्तर प्रदेश में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है, हालांकि बारिश के आसार नहीं हैं। तापमान सामान्य से अधिक बना रह सकता है तथा पूर्वी और पश्चिमी दिशा से सामान्य से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।


