मथुरा में STF ने 50 हजार रुपए के इनामी शातिर चोर को गिरफ्तार किया गया। आरोपी मोहम्मद शाहिद उर्फ कल्लू राठौर गोविंद नगर में एक कारोबारी के घर हुई लाखों रुपये की चोरी की घटना में वांछित था और लगातार ठिकाने बदल रहा था। पुलिस के अनुसार, एसटीएफ को सूचना मिली थी कि मेरठ के सिलाढ़ी क्षेत्र निवासी मोहम्मद शाहिद उर्फ कल्लू राठौर जयसिंहपुरा में मौजूद है। इस सूचना पर एसटीएफ के उपनिरीक्षक रजनीश चौधरी के नेतृत्व में एक टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर सर्च अभियान चलाया। सोमवार रात करीब नौ बजे उसे जयसिंहपुरा चौराहे के निकट पथवारी मंदिर मार्ग से गिरफ्तार कर लिया गया। 15 वर्षों से अपने गिरोह के साथ सक्रिय पूछताछ में शाहिद ने बताया कि वह पिछले लगभग 15 वर्षों से अपने गिरोह के साथ विभिन्न जिलों में घरों में चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था। उसका गिरोह टैक्सी के माध्यम से मेरठ, मथुरा, गाजियाबाद सहित अन्य शहरों में पहुंचता था और चोरी के बाद सामान लेकर फरार हो जाता था। आरोपी के खिलाफ मेरठ, गाजियाबाद और मथुरा के विभिन्न थानों में चोरी, आबकारी अधिनियम तथा अन्य धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। आजाद उर्फ जुबैर उर्फ पीटर को मार गिराया गौरतलब है कि गोविंद नगर के 80 फुटा क्षेत्र निवासी विजय प्रकाश अग्रवाल ने 31 अक्टूबर को अपने बंद मकान से 80 हजार रुपये नकद और लाखों रुपये के आभूषण चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में चार बदमाश चोरी करते हुए दिखाई दिए थे। पुलिस ने एक आरोपी को तत्काल गिरफ्तार कर लिया था, जबकि शाहिद उर्फ कल्लू, गिरोह का सरगना नौशाद उर्फ छेतरिया और आजाद उर्फ जुबैर उर्फ पीटर फरार हो गए थे। बाद में बुलंदशहर पुलिस ने एक अन्य मामले में मुठभेड़ के दौरान आजाद उर्फ जुबैर को मार गिराया था। वहीं, मास्टरमाइंड नौशाद को मेरठ पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। अब फरार चल रहे शाहिद की गिरफ्तारी को पुलिस एक बड़ी सफलता मान रही है। गोविंद नगर थाना प्रभारी रवि त्यागी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर उसे जेल भेज दिया गया है।


