मऊ में एसपी ने कानून व्यवस्था पर की बैठक:चौकी प्रभारियों को अराजक तत्वों पर नजर रखने के निर्देश

मऊ में एसपी ने कानून व्यवस्था पर की बैठक:चौकी प्रभारियों को अराजक तत्वों पर नजर रखने के निर्देश

मऊ में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर ने सोमवार देर शाम पुलिस लाइन सभागार में सभी चौकी प्रभारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक में अपराध नियंत्रण, जन शिकायतों के त्वरित निस्तारण, गश्त व्यवस्था को प्रभावी बनाने और अराजक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने जैसे प्रमुख मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। पुलिस अधीक्षक ने सभी चौकी प्रभारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार सतर्क रहें। उन्होंने आम जनता से सीधा संवाद स्थापित करने और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने पर जोर दिया। एसपी ने स्पष्ट किया कि ड्यूटी में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में आई-गॉट पोर्टल (I-Got Portal) पर पंजीकरण और निर्धारित प्रशिक्षण पाठ्यक्रम पूरा करने पर विशेष बल दिया गया। साथ ही, यह भी निर्देश दिए गए कि विभिन्न पोर्टलों के माध्यम से प्राप्त शिकायतों और सूचनाओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इसके अतिरिक्त, YAKSH App के प्रभावी उपयोग पर भी जोर दिया गया। एसपी ने निर्देशित किया कि इस ऐप के माध्यम से अपराधियों, हिस्ट्रीशीटरों और संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन अनिवार्य रूप से किया जाए। उन्होंने घर-घर जाकर जांच की प्रक्रिया को तेज करने का भी आदेश दिया। बैठक के दौरान ई-साक्ष्य, वारंट की गिरफ्तारी, एसआईडी और विवेचना से संबंधित बिंदुओं पर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने दोहराया कि जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सहित समस्त क्षेत्राधिकारी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *