Sleep Inertia: अक्सर ऐसा होता है कि हम रात को सुकून से 7-8 घंटे की पूरी नींद लेकर सोते हैं, सुबह अलार्म भी बजता है, हम उसे बंद भी कर देते हैं, लेकिन बिस्तर छोड़ने का मन बिल्कुल नहीं करता। शरीर में ऐसा भारीपन महसूस होता है जैसे जिस्म में जान ही न हो, आंखें बंद होती हैं और दिमाग सुन्न रहता है। क्या कभी आपने सोचा है कि भरपूर नींद लेने के बाद भी सुबह की शुरुआत इतनी सुस्त क्यों होती है? अगर आपको लगता है कि यह सिर्फ आलस है, तो आप गलत हैं। इसे हेल्थ एक्सपर्ट्स स्लीप इनर्शिया कहते हैं। आइए जानते हैं कि आखिर ये बला क्या है और इससे कैसे निजात पाई जा सकती है।
क्या है स्लीप इनर्शिया?
अमेरिकन एजेंसी CDC (सेंटर्स फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन) और स्लीप फाउंडेशन के अनुसार, स्लीप इनर्शिया वो शारीरिक और मानसिक स्थिति है जो नींद से जागने के ठीक बाद महसूस होती है। जब हम सोते हैं, तो हमारा दिमाग अलग-अलग चरणों (Sleep Cycles) से गुजरता है। जब अलार्म अचानक बजता है और हम गहरी नींद (Deep Sleep) से एकदम से उठ जाते हैं, तो हमारा दिमाग तुरंत फुल एक्टिव मोड में नहीं आ पाता। दिमाग का वो हिस्सा जो सोचने-समझने और फैसले लेने का काम करता है, उसे पूरी तरह जागने में थोड़ा वक्त लगता है। यही ट्रांजिशन पीरियड स्लीप इनर्शिया कहलाता है। इसमें इंसान का रिएक्शन टाइम धीमा हो जाता है, फैसले लेने की क्षमता कम हो जाती है और शरीर में एक अजीब सा खिंचाव या भारीपन बना रहता है।
क्यों होता है ऐसा? जानिए इसके मुख्य कारण
सीडीसी के अनुसार, हमारी बॉडी क्लॉक और स्लीप साइकिल का बहुत गहरा कनेक्शन है। स्लीप इनर्शिया की तीव्रता इन बातों पर निर्भर करती है;
- अचानक गहरी नींद से जागना।
- नींद की खराब क्वालिटी।
- अचानक जागने का तनाव।
सुबह के इस भारीपन को दूर करने के तरीके
स्लीप फाउंडेशन के अनुसार, स्लीप इनर्शिया आमतौर पर जागने के 15 से 30 मिनट के भीतर अपने आप कम हो जाता है, लेकिन कुछ मामलों में यह घंटों तक बना रह सकता है। इससे बचने के लिए आप इन बातों का ध्यान रख सकते हैं;
- अलार्म को थोड़ा दूर रखें- जब अलार्म बिस्तर से दूर बजेगा, तो आपको उठकर उसे बंद करने जाना पड़ेगा। यह शारीरिक हरकत आपके शरीर की सुस्ती को तोड़ने में मदद करती है।
- सुबह की नेचुरल रोशनी लें- जागते ही कमरे की खिड़कियां खोल दें या बाहर धूप में थोड़ी देर बैठें। प्राकृतिक रोशनी हमारे शरीर के इंटरनल क्लॉक को यह संकेत देती है कि अब जागने का समय हो गया है, जिससे सुस्ती जल्दी भागती है।
- तुरंत पानी पिएं- उठते ही एक गिलास ठंडा या गुनगुना पानी पीने से मेटाबॉलिज्म एक्टिव होता है और नर्वस सिस्टम को एनर्जी मिलती है।
- एक ही समय पर सोने की आदत डालें- अगर आप रोज एक ही समय पर सोते और जागते हैं, तो आपकी बॉडी क्लॉक सेट हो जाती है और स्लीप इनर्शिया का असर काफी हद तक कम हो जाता है।
लोग सुबह की इस सुस्ती को दूर करने के लिए तुरंत कड़क चाय, कॉफी या कैफीन पर निर्भर हो जाते हैं, जो सिर्फ एक अस्थायी इलाज है। स्लीप इनर्शिया कोई बीमारी नहीं है, बल्कि आपके शरीर का एक स्वाभाविक रक्षा तंत्र है। अगर आप सुबह उठकर 15-20 मिनट भारीपन महसूस करते हैं, तो खुद को आलसी समझकर पैनिक न हों। अपने शरीर को वार्म-अप होने का समय दें। लेकिन, अगर यह सुस्ती दिन भर बनी रहती है और आपकी दैनिक दिनचर्या को प्रभावित कर रही है, तो इसे नजरअंदाज न करें और किसी स्लीप स्पेशलिस्ट या डॉक्टर से सलाह जरूर लें। सही आदतें और बेहतर स्लीप हाइजीन अपनाकर आप हर सुबह तरोताजा महसूस कर सकते हैं।

