लखीमपुर खीरी जिले में सिंगाही से नौरंगाबाद गांव को जोड़ने वाली सड़क की हालत बेहद जर्जर है। गड्ढों से भरी इस सड़क के कारण दर्जनों गांवों के लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से तत्काल सड़क की मरम्मत की मांग की है। यह सड़क मूल रूप से गन्ना विकास विभाग द्वारा किसानों की सुविधा के लिए बनाई गई थी। इसका मुख्य उद्देश्य किसानों को सरजू सहकारी चीनी मिल बेलरायां तक अपना गन्ना आसानी से पहुंचाने में मदद करना था। हालांकि, सड़क की मौजूदा स्थिति सरकार के ‘गड्ढा भरो’ अभियान पर सवाल उठा रही है। स्थानीय किसानों का आरोप है कि जर्जर सड़क की मरम्मत के लिए न तो गन्ना विकास विभाग और न ही लोक निर्माण विभाग (PWD) ने कोई सुध ली है। दोनों विभाग एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डाल रहे हैं। गन्ना विकास विभाग का कहना है कि सड़क की मरम्मत अब पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा की जाएगी। वहीं, पीडब्ल्यूडी विभाग का तर्क है कि यह सड़क गन्ना विकास विभाग के अधिकार क्षेत्र में आती है। इस आपसी खींचतान के कारण सड़क की मरम्मत का काम रुका हुआ है। यह मार्ग दर्जनों गांवों को जोड़ने वाला एक प्रमुख रास्ता है। सिंगाही सहित तहसील मुख्यालय तक स्थित स्कूलों में जाने वाले छात्र भी इसी सड़क का उपयोग करते हैं। सड़क की खराब हालत से राहगीर लगातार परेशान हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत सुनिश्चित करने की अपील की है।


