Abhijeet Bhattacharya on Chunari Chunari remake: बॉलीवुड में पुराने और सदाबहार गानों के रीमेक बनाने का चलन पिछले कुछ समय से काफी बढ़ गया है, लेकिन दर्शकों को अब यह फार्मूला रास नहीं आ रहा है। ताजा मामला वरुण धवन की आने वाली फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ का है, जिसमें 90 के दशक के सुपरहिट गाने ‘चुनरी चुनरी’ के रीमेक वर्जन को शामिल किया गया है।
सोशल मीडिया पर जैसे ही गाना आया लोगों ने इसे सिरे से नकार दिया और इसे नेगेटिव रिएक्शंस देने लगे। अब इस पूरे विवाद में ओरिजिनल ‘चुनरी चुनरी’ गाने को अपनी जादुई आवाज देने वाले दिग्गज गायक अभिजीत भट्टाचार्य भी कूद पड़े हैं। उन्होंने इस नए रीमेक पर अपना गुस्सा उतारा है और वरुण धवन पर तंज कसा है।
चुनरी-चुनरी के रीमेक पर भड़के भिजीत भट्टाचार्य (Abhijeet Bhattacharya on Chunari Chunari remake)
ANI से बातचीत के दौरान अभिजीत भट्टाचार्य ने बिना किसी लाग-लपेट के अपनी भड़ास निकाली। उन्होंने साल 1999 की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘बीवी नंबर 1’ के इस चार्टबस्टर गाने को याद करते हुए कहा, “‘चुनरी चुनरी’ सलमान खान के करियर का सबसे बड़ा और आइकॉनिक गाना था। जब यह गाना आया था, तब से लेकर आज तक यह हर पार्टी की शान बना हुआ है और ट्रेंड कर रहा है। उस वक्त सलमान एक उभरते हुए सितारे थे, आज जितने बड़े सुपरस्टार नहीं थे।”
वरुण धवन पर तीखा तंज कसते हुए अभिजीत ने आगे कहा, “वरुण धवन ने ज्यादातर उन्हीं फिल्मों में काम किया है जो उनके पिता डेविड धवन ने डायरेक्ट की हैं। वो बस उन्हीं पुराने गानों को दोबारा इस्तेमाल कर रहे हैं जो पहले से ही सुपरहिट हैं। लेकिन वरुण को यह समझना होगा कि इस गाने को दोबारा गाकर या इस पर डांस करके वह सलमान खान नहीं बन सकते। सलमान खान और वरुण धवन में बहुत बड़ा और साफ अंतर है।”
अभिजीत भट्टाचार्य ने कसा वरुण धवन पर तंज (Abhijeet Bhattacharya On Varun Dhawan)
अभिजीत भट्टाचार्य अपनी बेबाकी के लिए जाने जाते हैं। नए रीमेक का मजाक उड़ाते हुए उन्होंने चुटकी ली और कहा, “जब मैंने यह नया वर्जन सुना, तो मुझे लगा कि मैं कोई रोमांटिक गाना नहीं बल्कि कोई भजन सुन रहा हूँ। उन्होंने एक प्योर रोमांटिक और एनर्जेटिक गाने का कबाड़ा करके उसे भजन का रूप दे दिया है।”

उन्होंने यह भी खुलासा किया कि फिल्म के मेकर्स ने इस गाने को दोबारा बनाने से पहले उनसे कोई संपर्क या बातचीत नहीं की थी। अभिजीत ने कहा, “अगर वे मेरे पास आते भी, तो मैं इस रीमेक को गाने से पहले सौ बार सोचता। हमारे ओरिजिनल वर्जन में बहुत सारी एक्टिंग, फीलिंग और ड्रामेबाजी थी, जो वरुण इस नए वर्जन में बिल्कुल नहीं कर पाए। उन्होंने बहुत ही सेफ रास्ता चुना। मैं तो भगवान का शुक्रिया अदा करता हूँ कि मैंने यह गाना नहीं गाया, वरना मेरी कला का स्तर भी गिर जाता।”
5 जून को सिनेमाघरों में दस्तक देगी फिल्म
आपको बता दें कि फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ का यह रीमेक गाना हाल ही में रिलीज किया गया है, जिसमें वरुण धवन के साथ मृणाल ठाकुर और पूजा हेगड़े थिरकती नजर आ रही हैं। लेकिन लाख कोशिशों के बाद भी यह गाना ओरिजिनल वाला जादू बिखेरने में पूरी तरह नाकाम रहा है। डेविड धवन के निर्देशन में बनी यह रॉम-कॉम फिल्म आगामी 5 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है, लेकिन रिलीज से पहले ही इसके गानों को लेकर सोशल मीडिया पर मेकर्स की खूब किरकरी हो रही है।


